उमर समेत कई नेताओं ने नौगाम विस्फोट पर दुख जताया: उपराज्यपाल ने जम्मू बैठक रद्द की

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 15 Nov 2025 01:16 PM
उमर समेत कई नेताओं ने नौगाम विस्फोट पर दुख जताया: उपराज्यपाल ने जम्मू बैठक रद्द की
ऑडियो सुनें

श्रीनगर/जम्मू: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई नेताओं ने नौगाम पुलिस थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट पर शनिवार को दुख व्यक्त किया। इस विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है और 32 अन्य लोग घायल हुए हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा करते हुए इस घटना पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वह नौगाम पुलिस थाने में हुए उस आकस्मिक विस्फोट पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीपीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस हृदयविदारक घटना से उन जोखिमों और कठिन परिस्थितियों का पता चलता है जिनमें हमारे पुलिसकर्मी हम सभी की सुरक्षा के लिए काम करते हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा कि यह घटना हृदयविदारक है। लोन ने कहा, ‘‘नौगाम पुलिस थाने में हुआ आकस्मिक विस्फोट हृदयविदारक है। इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर इस दुखद घड़ी में उन्हें इस क्षति को सहन करने का साहस प्रदान करे।’’

इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के स्थिति का जायजा लेने के लिए श्रीनगर जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सिन्हा को सुबह जम्मू में एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करनी थी लेकिन उन्होंने विस्फोट के मद्देनजर इसे रद्द कर दिया।
यह विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी ‘‘सफेदपोश’’ आतंकवादी मॉड्यूल मामले के संबंध में फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक सामग्री के नमूने ले रहे थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital