रूसी बलों ने स्रेक आइलैंड छोड़ा, पूर्वी मोर्चे पर हमला जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jun 2022 07:23 PM
रूसी बलों ने स्रेक आइलैंड छोड़ा, पूर्वी मोर्चे पर हमला जारी
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने बृहस्पतिवार को काला सागर से अपनी सेना वापस बुला ली, जहां उन्हें यूक्रेन के लगातार हमलों का सामना करना पड़ रहा था. हालांकि रूस ने पूर्वी प्रांत लुहांस्क में यूक्रेन के आखिरी गढ़ को घेरने के लिए अपना पूरा जोर लगा रखा है जहां उसे यूक्रेनी सैनिकों के प्रतिरोध से जूझना पड़ रहा है.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने ‘‘सद्भावना संकेत’’ के तौर पर यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह ओडेसा के जÞमीयिन (स्रेक) द्वीप से अपनी सेना वापस बुला ली है. यूक्रेन की सेना ने कहा कि यूक्रेन के तोपखाने और मिसाइल हमलों के बाद रूसी दो स्पीडबोट में द्वीप से भाग गए.

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने जोर देकर कहा कि वापसी का उद्देश्य प्रदर्शन करना था कि ‘‘रूसी संघ यूक्रेन के क्षेत्र से कृषि उत्पादों को बाहर ले जाने के लिए मानवीय गलियारा स्थापित करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों में बाधा नहीं डाल रहा था.’’ यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने रूस पर अनाज के निर्यात को रोकने के लिए यूक्रेनी बंदरगाहों को अवरुद्ध कर वैश्विक खाद्य संकट में योगदान करने का आरोप लगाया है. रूस ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि सुरक्षित नौवहन की अनुमति देने के लिए यूक्रेन को काला सागर से समुद्री बारुदी सुरंगों को हटाने की जरूरत है.

तुर्की ने यूक्रेन से अनाज के निर्यात को निर्बाध करने के लिए एक सौदा करने की मांग की है, लेकिन वार्ता में त्वरित प्रगति के कोई संकेत फिलहाल नहीं है. कीव ने ंिचता व्यक्त की है कि रूस ओडेसा पर हमले शुरू करने के लिए सौदे का इस्तेमाल कर सकता है.
रूस ने एक व्यस्त नौवहन गलियारे से लगे उस द्वीप पर युद्ध के शुरुआती दिनों में नियंत्रण कर लिया और उसे स्पष्ट रूप से ओडेसा पर हमले के लिए इसे एक मंच के रूप में उपयोग करने की उम्मीद थी.

जब वहां यूक्रेनी सैनिकों को एक रूसी युद्धपोत से आत्मसमर्पण या बमबारी का सामना करने की चेतावनी मिली तो उसके बाद यह द्वीप रूसी आक्रमण के लिए यूक्रेनी प्रतिरोध का प्रतीक बन गया. रूसी चेतावनी के जवाब में यूक्रेन का जवाब था, ‘‘रूसी युद्धपोत भाड़ में जाओ.’’ द्वीप के यूक्रेनी रक्षकों को रूसियों ने पकड़ लिया था लेकिन बाद में कैदी विनिमय के हिस्से के रूप में मुक्त कर दिया गया था.
द्वीप पर कब्जा करने के बाद, यूक्रेनी सेना ने वहां तैनात एक रूसी छावनी और हवाई रक्षा प्रणाली पर लगातार बमबारी की.

इस बीच पूर्वी मोर्चे पर, रूस ने पूरे डोनबास क्षेत्र पर नियंत्रण करने के लिए यूक्रेनी सेना पर अपना दबाव बनाए रखा है. लड़ाई यहां लिसीचांस्क पर केंद्रित हो गई है जो लुहांस्क प्रांत में अंतिम बचा यूक्रेनी गढ़ है. रूसी सैनिकों और उनके अलगाववादी सहयोगियों ने लुहांस्क के 95 प्रतिशत और डोनेट्स्क के लगभग आधे हिस्से को नियंत्रित कर लिया है. यह दो प्रांत डोनबास का निर्माण करते हैं जहां अधिकतर रूसी भाषा बोली जाती है.

यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने कहा कि रूसी सैनिकों ने शहर के किनारे पर एक तेल रिफाइनरी के आसपास लिसीचांस्क पर गोलाबारी की जहां यूक्रेनी सैनिकों के साथ उनका संघर्ष हो रहा है. लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई ने कहा कि रूसी टोही इकाइयों ने बुधवार को लिसीचांस्क में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन यूक्रेनी बलों ने उन्हें खदेड़ दिया. उन्होंने कहा कि रूसी आपूर्ति करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले राजमार्ग को अवरुद्ध करने और शहर को पूरी तरह से घेरने की कोशिश कर रहे थे.

हैदई ने कहा, ‘‘रूसी बलों ने वस्तुत: अपनी समस्त ताकत शहर की घेराबंदी में लगा दी है.’’ बृहस्पतिवार को तुर्कमेनिस्तान की यात्रा पर पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि युद्ध की शुरुआत के बाद से यूक्रेन में उनके लक्ष्य नहीं बदले हैं. उन्होंने कहा कि वे ‘‘डोनबास की मुक्ति, उन लोगों की सुरक्षा और ऐसी परिस्थितियों का निर्माण हैं जो स्वयं रूस की सुरक्षा की गारंटी दें.’’ उन्होंने यूक्रेन के ‘‘विसैन्यीकरण’’ और ‘‘नाजीवाद मुक्त’’ करने के अपने पहले घोषित लक्ष्यों का कोई उल्लेख नहीं किया.

उन्होंने इनकार किया कि संघर्ष के शुरुआती चरण में कीव पर कब्जा करने में विफल रहने के बाद रूस ने अपनी रणनीति को समायोजित किया था. पुतिन ने तुर्कमेनिस्तान में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जैसा कि आप देख सकते हैं, सैनिक आगे बढ़ रहे हैं और उन लक्ष्यों तक पहुंच रहे हैं जो उनके लिए इस युद्ध कार्य के एक निश्चित चरण के लिए निर्धारित किए गए थे. सब कुछ योजना के अनुसार चल रहा है.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu