कांग्रेस हिंदुओं के खिलाफ नफरत फैला रही, भाजपा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा

नयी दिल्ली. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के हिंदू देवी-देवताओं पर दिए गये बयान की कड़ी आलोचना करते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर “मुस्लिम लीग” जैसी सोच के साथ हिंदुओं के खिलाफ नफरत फैलाने का आरोप लगाया.
तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस की मंगलवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में रेड्डी ने कहा था कि पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है, और अलग-अलग विचार रखने वाले लोग पार्टी में शामिल हैं. उन्होंने इसकी तुलना हिंदू-धर्म से करते हुए कहा था कि श्रद्धालु कई देवी-देवताओं की पूजा करते हैं.

उन्होंने कहा था, “हिंदुओं के कितने देवता हैं, तीन करोड़. अविवाहितों के लिए हनुमान हैं. उन लोगों के लिए एक अन्य देवता हैं, जो दो बार शादी करते हैं .” भाजपा के राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने रेड्डी के बयान को हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करार दिया और कांग्रेस पर “मुस्लिम लीग-माओवादी” की विचारधारा के साथ काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस ने ‘अर्बन नक्सल’ मानसिकता के साथ पूरे संवैधानिक ढांचे को बदनाम करने की हद पार कर दी है और हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाना मुस्लिम लीग का एजेंडा है.” त्रिवेदी ने कहा कि ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं किए जा सकते.

उन्होंने कहा, “उन्होंने (रेवंत) हाल ही में कहा था कि कांग्रेस मतलब मुसलमान और मुसलमान मतलब कांग्रेसङ्घआप मुस्लिम समाज के साथ जाएं, हमें कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन यदि आप हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करेंगे तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.” भाजपा नेता ने पूछा, “क्या कांग्रेस और राहुल गांधी ने हिंदू धर्म के उन्मूलन का एजेंडा आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है? क्या कांग्रेस ने अपने मुख्यमंत्रियों को भारतीय संस्कृति तथा हिंदुओं के देवी-देवताओं पर सीधा हमला करने का निर्देश दिया है?”

त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी पर भी निशाना साधा, जिन्होंने मीडिया के एक सवाल पर ”भौ-भौ” कहा था. उनसे पूछा गया था कि मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि सत्तारूढ़ दल के कुछ सदस्य संसद परिसर में कुत्ता लाने पर उनकी टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की कोशिश कर रहे हैं. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बयान और चौधरी की प्रतिक्रिया “अत्यंत निंदनीय” हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button