प्रीति जिंटा ने आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ की सराहना की

'धुरंधर' फिल्म के 'शरारत' गीत पर थिरके निक जोनास

नयी दिल्ली/मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने निर्देशक आदित्य धर की नवीनतम फिल्म ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ की और इसे अब तक की देखी गई सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया. रणवीर सिंह-अभिनीत ‘धुरंधर’ पांच दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. इसमें अभिनेता संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर. माधवन और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए.

इस फिल्म की कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 का संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक एवं आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित गुप्त खुफिया अभियानों के ईद-गिर्द घूमती है. प्रीति ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर ‘धुरंधर’ फिल्म को लेकर अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने फिल्म को ”कच्ची, सच्ची और बेहतरीन अभिनय से सजी हुई” बताया. उन्होंने फिल्म के संगीत की भी सराहना की.

उन्होंने लिखा, “आज का दिन खास था. काफी समय बाद मैंने अकेले थिएटर में कोई फिल्म देखी. दोपहर का शो खचाखच भरा हुआ था और यह एक शानदार अनुभव रहा. यह शायद पिछले काफी लंबे समय में देखी गई मेरी सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है. फिल्म बेहद सच्ची है और रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी सहित सभी कलाकारों का अभिनय लाजवाब है. फिल्म का संगीत दिल छू लेने वाला है और सबसे ज्यादा मुझे आदित्य धर का निर्देशन पसंद आया.”

उन्होंने लिखा, ”यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि उन अनजान पुरुषों, महिलाओं और देशभक्तों के नाम एक प्रेम पत्र है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए खुद को खतरे में डाला.” प्रीति जल्द ही फिल्म ‘लाहौर 1947’ में सनी देओल के साथ नजर आएंगी. इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसे ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ के बैनर तले आमिर खान द्वारा निर्मित किया जा रहा है.

‘धुरंधर’ फिल्म के ‘शरारत’ गीत पर थिरके निक जोनास

पॉप गायक निक जोनास ने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ के गीत ‘शरारत’ पर डांस करते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अपने प्रशंसकों और ‘फॉलोअर्स’ को चौंका दिया. जोनास ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो साझा किया जिसमें वह अपने संगीतकार भाइयों- जो जोनास और केविन जोनास के साथ नजर आ रहे हैं.

उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”नया प्री-शो हाइप सॉन्ग अनलॉक हो गया है.” ‘उरी: द र्सिजकल स्ट्राइक’ के निर्देशक आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म पांच दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर माधवन और राकेश बेदी भी हैं.

‘शरारत’ मधुबंती बागची और जैस्मीन सैंडलस द्वारा गाया गया है तथा शाश्वत सचदेव द्वारा संगीतबद्ध किया गया है. फिल्म निर्माता ने जोनास के वीडियो पर टिप्पणी भी की. इस फिल्म का निर्माण धर और उनके भाई लोकेश धर ने अपने बैनर बी62 स्टूडियोज के तहत जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे के साथ मिलकर किया है. फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है.

‘धुरंधर’ को आरजीवी ने भारतीय सिनेमा में ह्लक्वांटम लीप”बताया

फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने शुक्रवार को निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ की जमकर प्रशंसा करते हुए इसे भारतीय सिनेमा में ह्लक्वांटम लीप” करार दिया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य धर ने कहा कि एक प्रशंसक के रूप में वह स्वयं को अभिभूत और सम्मानित महसूस कर रहे हैं. ‘रंगीला’, ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निर्माता वर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक लंबी पोस्ट में कहा कि धर की फिल्म ने खुद ही भारतीय सिनेमा के भविष्य को पूरी तरह बदल दिया है.

वर्मा ने लिखा, ‘धुरंधर’ ने केवल व्यापकता ही हासिल नहीं की है, इसने एक ऐसा अभूतपूर्व दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है जो न केवल दृष्टि में बल्कि मन में भी अभूतपूर्व है. आदित्य धर यहां केवल दृश्य निर्देशित नहीं करते बल्कि पात्रों और दर्शकों दोनों की मानसिक अवस्था को गढ़ते हैं. यह फिल्म दर्शकों का ध्यान खींचने की कोशिश नहीं करती, बल्कि उस पर अधिकार कर लेती है.” उन्होंने कहा कि धर ने साबित कर दिया कि भारतीय सिनेमा अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिनेमाई हो सकता है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘उरी: द र्सिजकल स्ट्राइक’ से निर्देशन में कदम रखने वाले आदित्य धर ने राम गोपाल वर्मा की फिल्मों के प्रति अपना सम्मान जताया.

धर ने कहा “मैं कई साल पहले मुंबई आया था, अपने साथ एक सूटकेस, एक सपना और यह अटूट विश्वास लेकर कि एक दिन मैं राम गोपाल वर्मा के साथ काम करूंगा. ऐसा कभी नहीं हुआ लेकिन अनजाने में ही सही, मैंने आपके सिनेमा के अंदर काम किया. आपकी फिल्मों ने मुझे फिल्में बनाना नहीं सिखाया बल्कि उन्होंने मुझे जोखिम भरा सोचना सिखाया.” ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर. माधवन और राकेश बेदी प्रमुख भूमिकाओं में हैं. फिल्म पांच दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. भारत में फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई 500 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है जबकि दुनियाभर में इसका कारोबार 700 करोड़ रुपये को पार कर गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button