स्कूल परिसर में पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत, 18 अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Jul 2022 06:13 PM
स्कूल परिसर में पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत, 18 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. चंडीगढ़ में शुक्रवार को एक निजी स्कूल के परिसर में पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. अधिकारी ने कहा, ”घटना के बारे में पूर्वाह्न 11 बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली. यह पीपल का पुराना पेड़ था. घटना में 19 छात्र और एक कर्मचारी घायल हुआ. एक छात्र की मौत पुष्टि हुई है.” सेक्टर-9 में स्थित बालिका विद्यालय में यह घटना उस वक्त हुई, जब भोजनावकाश के दौरान विद्यार्थी पेड़ के निकट एकत्र हुए थे. ये विद्यार्थी 13 से 17 साल आयुवर्ग के थे.

चंडीगढ़ की सांसद किरन खेर ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, ”कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, चंडीगढ़ में पेड़ गिरने की बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.” प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को सेक्टर 16 में स्थित एक सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल व पीजीआईएमईआर ले जाया गया, जबकि कुछ को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया.
राजेंद्र नामक व्यक्ति की बेटी इस स्कूल में पढ़ती है. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि परिजनों को घटना के बारे में जानकारी देने के लिए स्कूल की तरफ से फोन किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu