बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनाव सतैया समेत टीम के सदस्यों ने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की।
इस दौरान फिल्म की सफलता और उससे जुड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर बातचीत हुई। ‘हनुमान अंश’ बाबा नीम करोली के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म है और रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। मुलाकात के दौरान अमित शाह ने बाबा नीम करोली के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को लेकर अपनी बात रखी। फिल्म की टीम के मुताबिक, उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र के अनुसार अमित शाह ने टीम को भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानियों को आगे भी पर्दे पर लाने के लिए प्रोत्साहित किया। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के लिए यह मुलाकात फिल्म की सफलता के बीच एक खास मौका रही। ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करोली की आध्यात्मिक यात्रा को कहानी का केंद्र बनाया गया है। फिल्म की कहानी और विषय को लेकर दर्शकों के बीच बनी दिलचस्पी ने इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में भी अहम भूमिका निभाई है। इस मुलाकात में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के साथ निर्माता महावीर जैन भी मौजूद थे। उन्होंने अमित शाह को अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ के बारे में जानकारी दी। यह फिल्म गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित होगी। ‘रामबोला’ का ऐलान इसी महीने किया गया था। फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन भी विशाल चतुर्वेदी करेंगे, जबकि महावीर जैन इसके सह-निर्माता हैं।
‘हनुमान अंश’ के बाद विशाल का यह प्रोजेक्ट भी भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगा। अमित शाह से मुलाकात से पहले ‘हनुमान अंश’ की टीम देश के अन्य प्रमुख नेताओं से भी मिल चुकी है।