मैं ‘टीम प्लेयर’ हूं, ‘फुल बैक’ की भूमिका निभाऊंगा: परगट सिंह

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 03 Oct 2026 01:54 PM
मैं ‘टीम प्लेयर’ हूं, ‘फुल बैक’ की भूमिका निभाऊंगा: परगट सिंह

ऑडियो सुनें

कांग्रेस की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए कहा कि उनकी टीम अच्छी है और पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाएंगे। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा ‘फुल बैक’ के रूप में खेला है और पार्टी में भी वह इसी भूमिका को जारी रखेंगे तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को प्रमुखता देंगे।

हॉकी में ‘फुल बैक’ टीम के मुख्य डिफेंडर होते हैं। उनका काम विपक्षी खिलाड़ियों को गोल करने से रोकना और साथी खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करना होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में ”तानाशाही” है और ”हमें लोकतंत्र वापस बहाल करना है”। उनका कहना है कि वह इसके लिए संघर्ष करेंगे। सिंह अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैं टीम प्लेयर रहा हूं और मेरे सभी वरिष्ठों ने हमेशा मेरा सम्मान किया है। हम सभी फैसले सर्वसम्मति से लेंगे।” उन्होंने कहा, ”मैंने हमेशा फुल बैक की तरह, पीछे रहकर खेला है और मुझे लगता है कि हमारी टीम में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं।” भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सिंह को शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने अमंिरदर सिंह राजा वंिड़ग की जगह ली है, जो साढ़े चार साल से अधिक समय तक इस पद पर रहे।

सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य कांग्रेस में गुटबाजी की स्थिति है। परगट सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ”हम एक टीम हैं। यह राहुल गांधी की टीम है। हम देश में रचनात्मक राजनीति लाएंगे। हमें लोकतंत्र को पुनर्जीवित करना है, क्योंकि देश में तानाशाही देखी जा रही है और हमें लोकतंत्र को फिर से स्थापित करना है।” बाद में उन्होंने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा जीता गया स्वर्ण पदक उनके लिए ”एक बहुत बड़ा तोहफा” है और हाल में मिली जिम्मेदारी के बाद इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा, ”आने वाले समय में आपको पंजाब में एक बहुत अच्छी टीम देखने को मिलेगी।” अपने पहले के अध्यक्ष के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ”राजा वंिड़ग साढ़े चार साल से हमारे अध्यक्ष थे और उन्होंने कड़ी मेहनत की तथा अच्छा काम किया। यह एक सतत प्रक्रिया है, क्योंकि मैं भी सचिव और महासचिव के पद पर रह चुका हूं।” उन्होंने कहा, ”यह एक टीम है और राजा जी हमारी टीम के खिलाड़ी हैं। हमारी टीम के सभी खिलाड़ी अच्छे हैं और मैंने कभी किसी से कोई शिकायत नहीं सुनी।

मैं सभी वरिष्ठों का सम्मान करता हूं और उन्होंने भी मुझे सम्मान दिया है। मुद्दा पंजाब है, न कि हमारे बीच मतभेद।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम में सभी लोग उनसे आगे रहेंगे। कांग्रेस छोड़कर जा चुके नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”सभी का कांग्रेस में वापस आने के लिए स्वागत है। पंजाब के लिए योगदान देने वाला हर व्यक्ति कांग्रेस में आने के लिए स्वागत योग्य है, क्योंकि पंजाब नेतृत्व करेगा।” उन्होंने कहा कि पंजाब और मजबूत होकर उभरेगा तथा देश के सामने एक नयी मिसाल पेश करेगा।

By Nandkishoryadav