बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात: हवलदार की बेटी पर एसिड अटैक, चेहरा और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलसा, दो गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 02:08 PM
बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात: हवलदार की बेटी पर एसिड अटैक, चेहरा और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलसा, दो गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ के  बालोद में कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र तहत आमापारा इलाके में ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर एक अज्ञात युवक ने पीछे से दौड़कर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

 

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद में कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आमापारा इलाके में ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर एक अज्ञात युवक ने पीछे से एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। लहूलुहान और झुलसी हालत में छात्रा को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न यूनिट में डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक इलाज किया फिर उसे रायपुर भेज दिया गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

पीड़िता हवलदार (वाहन चालक) की पुत्री है। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। फिलहाल, पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि युवती रोजाना की तरह ई-लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। आमापारा के समीप सुनसान मोड़ पर पीछे से तेजी से आए हमलावर युवक ने अचानक उस पर तेजाब उड़ेल दिया। हमले के बाद छात्रा ने अदम्य साहस दिखाते हुए मौके से दौड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई और राहगीरों को मदद के लिए पुकारा।

पुलिस महकमे में हड़कंप
हवलदार की बेटी पर दिनदहाड़े हुए इस जानलेवा हमले की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक समेत जिले के आला अधिकारी तत्काल मामले को सुलझाने ग्राउंड पर उतरे। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने चिकित्सकों से पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़िता का प्रारंभिक बयान दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आम नागरिकों, विशेषकर छात्राओं और कामकाजी महिलाओं में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश
वारदात के तुरंत बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आमापारा और शहर के सभी प्रवेश-निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर दी है। घटनास्थल के आसपास दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिससे हमलावर के आने और भागने के रूट का पता चल सके। सायबर सेल और पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच पड़ताल कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानें क्या था मामला
बताया जाता है कि बालोद का आरोपी युवक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का करण कुंजाम नाम के युवक से दोस्ती है। सोमवार की सुबह करण अपनी महिला मित्र के साथ बीजापुर से बालोद पहुंचा और दोनों ने यहां प्रेम विवाह किया। इस दौरान करण के दोस्त ने उसे युवती से अपने एकतरफा प्रेम के बारे में बताया। उसने दोस्ती का हवाला देकर उससे मदद मांगी। इसके बाद करण ने युवती पर एसिड फेंकने की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह अपनी महिला मित्र के साथ बालोद से भाग निकला।

रायपुर में चल रहा इलाज
छात्रा को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर भेज दिया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। एसपी चंद्रकांत गवार्ना ने बताया कि छात्रा का इलाज रायपुर के अस्पताल में चल रहा है। छात्रा के शरीर की दाहिने हिस्से, चेहरे और आंख के आसपास एसिड से झुलसने की जानकारी मिली है। इधर, कोंडागांव पुलिस के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय ने बताया कि दो आरोपियों को महिंद्रा बस से पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर जांच करने के लिये फॉरेंसिक स्पेशल टीम पहुंची थी। पीड़िता ने समाजशास्त्र से एमए की है और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी पहलुओं से सघन जांच की जा रही है  ।
चंद्रकांत गवर्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), बालोद

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav