छत्तीसगढ़: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौत…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 08 Oct 2026 05:09 PM
छत्तीसगढ़: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौत…
ऑडियो सुनें

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखोटना गांव में बुधवार की शाम अचानक तेज हवाओं के साथ आई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतकों में दो ग्रामीण आपस में रिश्तेदार थे।

कोटा क्षेत्र की अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नूपुर उपाध्याय ने बताया कि लखोटना गांव निवासी मन्ना यादव (41) और नवाडीह गांव निवासी कुंजराम यादव (45) बुधवार शाम को कृषि कार्य से खेत गए थे। दोनों आपस में रिश्तेदार थे।
उपाध्याय ने बताया कि जब दोनों खेत में थे तब शाम लगभग छह बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी।

इसी दौरान दोनों आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में कोटा क्षेत्र के ही मानपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से किसान जागेश्वर जगत (45) की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि जगत शाम को खेत में काम करने गए थे। तेज बारिश शुरू होने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इस दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर पड़ी। इस घटना में जगत गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद ग्रामीण उन्हें अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उपाध्याय ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर कोटा पुलिस वहां पहुंची तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav