नयी दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने डीएचएफएल ऋण धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) के एक निरीक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षक और मामले के जांच अधिकारी ने कथित तौर पर एक नेता को डीएचएफएल घोटाले में गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ मुकदमा चलाने की धमकी दी थी। इस घोटाले की जांच चेन्नई स्थित एसएफआईओ कर रहा है।
सीबीआई ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपों का सत्यापन किया। गवाहों ने बताया कि अधिकारी और दिल्ली के एक अधिवक्ता ने रिश्वत की मांग की थी और नेता को निर्देश दिया था कि वह 20 लाख रुपये वकील को सौंप दे।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सीबीआई ने एसएफआईओ के निरीक्षक और अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया।