Health Alert: एनर्जी के चक्कर में कहीं सेहत तो नहीं बिगाड़ रहे आप? ड्रिंक्स की जान लीजिए सच्चाई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 04 Nov 2026 06:21 PM
Health Alert: एनर्जी के चक्कर में कहीं सेहत तो नहीं बिगाड़ रहे आप? ड्रिंक्स की जान लीजिए सच्चाई
ऑडियो सुनें

युवाओं में एनर्जी ड्रिंक्स पीने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। कोई पढ़ाई के दौरान नींद भगाने, तो कोई जिम में बेहतर परफॉर्मेंस और ज्यादा एनर्जी पाने के लिए इनका सेवन करता है।  इनके आकर्षक विज्ञापन और मीठा स्वाद लोगों को आसानी से अपनी तरफ खींच लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि तुरंत एनर्जी देने का दावा करने वाले ये ड्रिंक्स आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकते हैं?

एनर्जी ड्रिंक आमतौर पर अल्कोहल फ्री पेय होते हैं जिसमें कैफीन, टॉरिन, शुगर और अन्य उत्तेजक तत्व होते हैं। इन्हें तुरंत मानसिक सतर्कता बढ़ाने, थकान दूर करने और शारीरिक प्रदर्शन बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पर अध्ययनों से पता चलता है कि अक्सर इस तरह के ड्रिंक्स का सेवन करना सेहत के लिए कई प्रकार के खतरे बढ़ाने वाला हो सकता है।

अगर आप भी एनर्जी बढ़ाने और शरीर को एक्टिव रखने के लिए इस तरह के पेय का सेवन करते हैं तो इससे होने वाले खतरों को जान लेना भी जरूरी है। 

 

एनर्जी ड्रिंक्स से क्या होता है?

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि एनर्जी ड्रिंक्स भले ही हमें तुरंत ऊर्जावान महसूस करने में मदद करते हैं, पर इससे लंबे समय में सेहत को कई तरह के खतरे हो सकते हैं। इनमें कैफीन, चीनी और दूसरे स्टिमुलेंट्स की मात्रा अधिक होती है जो दिल की धड़कन बढ़ाने से लेकर नींद और ब्लड प्रेशर बढ़ाने तक की परेशानी पैदा कर सकते हैं। बच्चों और किशोरों के लिए इनका सेवन खासतौर पर जोखिम भरा हो सकता है।

  • एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन की मात्रा काफी ज्यादा हो सकती है। कैफीन दिमाग और नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करके कुछ समय के लिए नींद और थकान कम कर देता है।
  • जरूरत से ज्यादा कैफीन लेने पर दिल की धड़कन तेज होने, घबराहट, बेचैनी और ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • कुछ लोगों में दिल की धड़कन अनियमित भी हो सकती है।

नींद और मानसिक सेहत पर पड़ता है असर

एनर्जी ड्रिंक्स पीने से कुछ समय के लिए आप भले ही ज्यादा एक्टिव महसूस करते हों लेकिन इसका आपकी नींद पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। खासकर अक्सर शाम या रात में इन्हें पीने से सोने में परेशानी बढ़ सकती है।

  • ज्यादा कैफीन लेने से बेचैनी, घबराहट और चिड़चिड़ापन भी बढ़ सकता है।
  • नींद पूरी न होने से अगले दिन थकान और काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।

ज्यादा चीनी बढ़ा सकता है गंभीर बीमारियों का खतरा

कई एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन के साथ चीनी की भी मात्रा ज्यादा होती है। नियमित रूप से ज्यादा मीठे पेय के सेवन से वजन बढ़ने, दांत खराब होने और लंबे समय में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

  • अमेरिका के नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लिमेंट्री एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ के अनुसार, करीब 400 एमएल वाले एनर्जी ड्रिंक्स में 54-62 ग्राम तक एडेड शुगर हो सकती है।
  • जबकि अच्छी सेहत के लिए वयस्कों को एक दिन में 30 ग्राम से ज्यादा चीनी न लेने की सलाह दे जाती है।
  • मतलब एक एनर्जी ड्रिंक में ही दैनिक मात्रा में दो गुना से अधिक चीनी हो सकती है।

बच्चों और युवाओं के लिए ज्यादा खतरे

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि बच्चों और किशोरों का शरीर कैफीन के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकता है। ज्यादा कैफीन से उनमें धड़कन तेज होने, घबराहट, नींद की समस्या, पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अनुसार, बच्चों और किशोरों को एनर्जी ड्रिंक्स से बचना चाहिए।

  • कम उम्र में चीनी की अधिकता मोटापा- दिल की बीमारी से लेकर कई अन्य क्रॉनिक समस्याओं का जोखिम बढ़ाने वाली हो सकती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav