पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में आज तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में 2 लोगों की मौत होने की खबर है। चावड़ी बाजार में संकरी गलियों की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है.
मौके पर दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। बृहस्पतिवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई और इसके मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सुबह करीब 9:50 बजे गली शाहतारा में शीश महल में इमारत ढहने की सूचना मिली। यह जगह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित है। डीएफएस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल की छह गाड़ियां भेजी गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्डिंग में काम चल रही था, 10 बजे के आसपास अचानक बिल्डिंग ढह गई। अब इसके नीचे कितने लोग दबे इसको लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। लेकिन माना जा रहा है बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे थे। दमकल और पुलिस की टीमों का रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है। चूंकि यह इलाका बेहद संकरा है, इसलिए थोड़ी दिक्कत हो रही है। फिलहाल सबसे पहले बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकालने में प्राथमिकता दी जा रही है।
सितंबर में पीजी की इमारत ढह गई थी
यहां बता दें कि इससे पहले दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में छह सितंबर को एक पांच मंजिला इमारत ढह गयी थी। यहां एक पीजी चल रहा थे। जिसमें दबकर 7 लोगों की मौत हो गयी थी। मरने वालों में ज्यादातर दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र थे। इस घटना के बाद दिल्ली में ऐसी गिरने वाली इमारतों को चिन्हित करने का अभियान भी चला था। बावजूद इसके आज फिर एक और हादसा हो गया, जिसने MCD की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
See Video