IndiGo फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, विमान वापस लौटा, टॉयलेट में हाथ से लिखा मिला धमकी भरा नोट, सप्ताह भर में दूसरी धमकी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 08 Nov 2026 09:23 AM
IndiGo फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, विमान वापस लौटा, टॉयलेट में हाथ से लिखा मिला धमकी भरा नोट, सप्ताह भर में दूसरी धमकी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही IndiGo की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से शनिवार शाम हड़कंप मच गया. विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक धमकी भरा नोट मिला, जिसमें शाम 6:30 बजे विमान को हाईजैक करने की बात कही गई थी. इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट लाने का फैसला किया.

7 नवंबर को फ्लाइट 6E 451 को उड़ान भरने के बाद वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा. विमान ने शाम करीब 5:50 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी. इसमें 178 यात्री सवार थे. विमान के वॉशरूम में मिले हैंडरिटन नोट पर लिखा था, “इस विमान को ठीक शाम 6:30 बजे हाईजैक किया जाएगा.”

सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक धमकी की जानकारी मिलते ही क्रू ने संबंधित अधिकारियों को सूचित किया. विमान के बेंगलुरु लौटने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की. एयरपोर्ट पुलिस नोट लिखने और उसे विमान में रखने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए यात्रियों से पूछताछ कर रही है.

सुरक्षा मंजूरी के बाद लखनऊ रवाना होगी फ्लाइट

IndiGo ने बयान जारी कर घटना की पुष्टि की. एयरलाइन के मुताबिक, सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई थी. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कंपनी ने कहा कि उन्हें जलपान और जरूरी अपडेट दिए जा रहे हैं. विमान को सभी जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा.

दो दिन में दूसरी IndiGo फ्लाइट को धमकी

इससे एक दिन पहले दिल्ली से चेन्नई जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 6091 में भी बम की धमकी मिली थी. जांच के बाद वह धमकी अफवाह निकली और विमान सुरक्षित चेन्नई पहुंचा था. इसके अलावा, दिल्ली से पुणे जा रही IndiGo फ्लाइट में एक यात्री पर उड़ान के बाद इमरजेंसी एग्जिट से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group