छत्तीसगढ़ के मोहला में सड़क निर्माण को लेकर BJP नेता भरत वर्मा और निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नेता ने कर्मचारियों से गाली-गलौज और धमकी दी।
छत्तीसगढ़ के मोहला में राजनांदगांव बीजेपी (BJP) के पूर्व जिला अध्यक्ष और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के वर्तमान उपाध्यक्ष भरत वर्मा (Bharat Verma) का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे सड़क निर्माण एजेंसी के इंजीनियर और सुपरवाइजर से विवाद करते और उनकी ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे घुपसाल गांव की बताई जा रही है।
राजनांदगांव से मानपुर तक करीब 100 किलोमीटर लंबे स्टेट हाइवे का निर्माण ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल की एजेंसी कर रही है। शुक्रवार को भरत वर्मा अपने काफिले के साथ घुपसाल पहुंचे थे। निर्माण एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने इंजीनियर दामेंद्र टेमरे और सुपरवाइजर उमेश प्रजापति से सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए। इसके बाद वे नाराज हो गए और ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कर्मचारियों ने धमकी देने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है।
निर्माण एजेंसी का आरोप है कि विवाद के दौरान भरत वर्मा ने घटना (Bharat Verma Controversy) का वीडियो बना रहे कर्मचारियों को मारने के लिए दौड़ाया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है।
निर्माण प्रोजेक्ट के मैनेजर भूपेंद्र लखेरा के मुताबिक, भरत वर्मा के साथ हुए विवाद के बाद हाइवे का पूरा निर्माण कार्य रोक दिया गया है। वहीं, ठेकेदार के कर्मचारी भरत वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर SP ऑफिस पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।
See Video