क्रिकेट के ऑनलाइन सट्टे से करोड़ों की कमाई, 8 लाख कैश और गहने जब्त, 3 आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Fri, 20 Nov 2026 09:29 PM
क्रिकेट के ऑनलाइन सट्टे से करोड़ों की कमाई, 8 लाख कैश और गहने जब्त, 3 आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर
ऑडियो सुनें

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला तंत्र एवं संगठित वित्तीय अपराध नेटवर्क के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन सट्टे से कमाई गई रकम हवाला के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में भेजी जाती थी। इस पैसे से करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीदी गईं। जांच में इस नेटवर्क (Bilaspur Betting Racket) के तार दुबई तक जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ने 13 नवंबर को संदिग्धों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 8 लाख रुपये कैश, सोने के गहने, महंगी घड़ियां और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। तलाशी में करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। इनमें सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और जबलपुर निवासी आकाश गोगा शामिल हैं। LOC जारी होने से इन आरोपियों के देश छोड़कर जाने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, विदेश में मौजूद संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

दुबई में भी संपत्ति होने की जानकारी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि नेटवर्क से जुड़े लोगों ने दुबई में भी संपत्तियां बनाई हैं। सट्टे से मिली रकम को हवाला के जरिए अलग-अलग जगह भेजकर संपत्तियों में निवेश किया गया। पुलिस अब देश के अलग-अलग राज्यों में हुए लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है। (CG News)

संपत्तियां कुर्क करने की तैयारी
पुलिस अब जब्त दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के मालिकाना हक और उन्हें खरीदने में इस्तेमाल किए गए पैसों के स्रोत की जांच कर रही है। इसके साथ ही बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए लेन-देन की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस अपराध से कमाई गई रकम से खरीदी गई संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच का मकसद सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों के साथ पूरे आर्थिक नेटवर्क और इससे फायदा उठाने वालों की पहचान करना है। मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group