Anant Ambani Shah Rukh Khan Viral Video: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और बिजनेस टायकून अनंत अंबानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अनंत अंबानी की किसी बात के लोग अपने-अपने तरीके से मतलब निकाल रहे हैं। यह भी साफ नहीं है कि अनंत ने वास्तव में क्या कहा।
वीडियो में क्या दिखा
वीडियो में अनंत अंबानी सदगुरु जग्गी वासुदेव से मिलते दिख रहे हैं और काफी उत्साहित नजर आते हैं। वे सदगुरु को गले लगाते हैं और उनसे बातें करते हैं। इसी दौरान पास खड़े शाहरुख खान बीच में कुछ कहते हैं।
उंगली दिखाकर क्या कहा अनंत ने?
शाहरुख की बात सुनकर अनंत एक पल चुप रहते हैं, फिर उन्हें उंगली दिखाकर कुछ कहते हैं और वापस सदगुरु की ओर इशारा करते हैं। इसके तुरंत बाद शाहरुख वहां से चले जाते हैं और किसी और से मिलने लगते हैं। इंटरनेट पर चल रही खबरों के मुताबिक यह घटना मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर हुए ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 इवेंट की है। क्लिप म्यूट है, इसलिए बातचीत की पुष्टि नहीं की जा सकती। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि अनंत ने शाहरुख से चुप रहने को कहा।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
कुछ यूजर्स का कहना है कि यह दोनों के बीच दोस्ताना हंसी-मजाक हो सकता है, जबकि कुछ का मानना है कि वीडियो को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने कैप्शन में सवाल उठाया कि अगर अनंत देश के सबसे मशहूर इंसानों में से एक से ऐसे बात करते हैं, तो सदगुरु से निजी तौर पर कैसे बात करते होंगे। कुछ कमेंट्स में उंगली दिखाने को असभ्य बर्ताव बताया गया, तो कुछ यूजर्स ने पुराने वीडियो का जिक्र कर कड़ी टिप्पणियां कीं।
पहले भी दिखी है अच्छी बॉन्डिंग
शाहरुख खान और नीता अंबानी को कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों में बहुत अच्छे ढंग से मिलते देखा जा चुका है। फिलहाल वीडियो को लेकर लोग अपने-अपने मतलब निकाल रहे हैं।