मोदी ने छात्रों से कहा, अंतर्मन की सुनें, रुचि के विषयों पर ध्यान केंद्रित करें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Jul 2022 06:03 PM
मोदी ने छात्रों से कहा, अंतर्मन की सुनें, रुचि के विषयों पर ध्यान केंद्रित करें
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने अंतर्मन की सुनें और जिन विषयों के प्रति उनकी गहरी रुचि हो, उन्हीं विषयों पर अपना ध्यान केंद्रित करें.

विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इन छात्रों की दृढ़ता और उनका समपर्ण सराहनीय है. उन्होंने परीक्षाओं की तैयारियां ऐसे समय में की जब पूरी मानवता विशाल चुनौती का सामना कर रही थी और इसके बावजूद उन्होंने यह सफलता हासिल की है.’’ मोदी ने ट्वीट कर उन छात्रों का भी उत्साहवर्धन किया, जो परीक्षा परिणामों से खुश नहीं हैं. ऐसे छात्रों के लिए उन्होंने कहा कि एक परीक्षा उनके जीवन की व्याख्या नहीं कर सकती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में उन्हें और सफलता निश्चित तौर पर मिलेगी.

प्रधानमंत्री ने इस साल के वार्षिक ‘‘परीक्षा पे चर्चा’’ कार्यक्रम का वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने इम्तिहान के विभिन्न आयामों पर चर्चा की थी. एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा, ‘‘सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षा पास करने वाले युवा छात्रों के लिए अनेक अवसर इंतजार कर रहे हैं. मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे अपने अंतर्मन की सुनें और रुचि के विषयों की पढ़ाई करें. भविष्य के लिए मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं.’’ सीबीएसई ने शुक्रवार को 12वीं कक्षा की परीक्षा के परिणाम घोषित किए, जिसमें 92.71 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं.

सीबीएसई ने बताया कि लड़कियों ने लड़कों से 3.29 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है. परीक्षा में 33 हजार से अधिक छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 1.34 लाख छात्रों ने 90 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं. प्रधानमंत्री ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षा पास करने वाले सभी छात्रों को भी बधाई दी और उनके उपयोगी शैक्षणिक यात्रा की कामना की.

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि ये युवा आने वाले समय में सफलता की नयी ऊंचाइयों को छुएंगे.’’ सीबीएसई ने शुक्रवार को 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए, जिसमें लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले 1.41 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है. इस परीक्षा में 94.40 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu