प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राज्यपाल अनुसुईया उइके ने की भेंट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Aug 2022 06:51 PM
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राज्यपाल अनुसुईया उइके ने की भेंट
ऑडियो सुनें

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राज्यपाल अनुसुईया उइके ने गत दिवस नई दिल्ली प्रवास के दौरान सौजन्य भेंट की. राज्यपाल उइके ने प्रधानमंत्री को भाई-बहन के स्नेह के पर्व रक्षा बंधन की अग्रिम बधाई दी. उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों की ओर से प्रधानमंत्री के कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की. राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को हर घर तिरंगा अभियान प्रारम्भ करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया.

इस मौके पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी से प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों और समसामयिक गतिविधियों पर चर्चा की. उन्होंने प्रदेश के सीए और व्यापारियों के माध्यम से मिली जानकारी के अनुरूप जीएसटी से जुड़े विषयों को प्रधानमंत्री को अवगत कराते हुए इसके निराकरण का अनुरोध किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विषय पर सहयोग का आश्वासन दिया. राज्यपाल उइके ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में कानून व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी. साथ ही राज्यपाल ने छत्तीसगढ की 22 जनजातियों की सूची में मात्रात्मक त्रुटि होने की वजह से प्रमाणपत्र मिलने में हो रही परेशानी के दृष्टिगत इसके शीघ्र संशोधन का आग्रह किया. उन्होंने प्रदेश में पांचवी अनुसूची के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में वहां के निवासियों के अधिकारों के संरक्षण की बातों को भी प्रमुखता से रखा.

इस दौरान राज्यपाल उइके ने प्रधानमंत्री को प्रदेश के गौशाला द्वारा तैयार गोबर की माला, गौमूत्र और अन्य उत्पाद भेंट किए. साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के एक जनजातीय कलाकार द्वारा बनाए गए प्रधानमंत्री का स्केच और राजभवन द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका ‘एक आशा‘ भी भेंट की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu