राष्ट्रपति पद पर चिनफिंग को तीसरे कार्यकाल के लिए अक्टूबर में मंजूरी देने की सीपीसी की योजना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Aug 2022 09:53 PM
राष्ट्रपति पद पर चिनफिंग को तीसरे कार्यकाल के लिए अक्टूबर में मंजूरी देने की सीपीसी की योजना
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को पांच साल का तीसरा कार्यकाल प्राप्त होने की संभावना है. यहां 16 अक्टूबर को सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के एक अधिवेशन में उन्हें आजीवन इस पद पर बने रहने के लिए मंजूरी मिलने वाली है, हालांकि यह विशेषाधिकार अब तक सिर्फ पार्टी के संस्थापक माओत्से तुंग को ही मिला था.

शी के अलावा, अधिवेशन में देशभर से 2,000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे जो विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए एक नयी आधिकारिक टीम को अपनी मंजूरी देंगे. ज्यादातर शीर्ष पदाधिकारी या तो सेवानिवृत्त हो जाएंगे या हर पांच साल पर होने वाले पार्टी के अधिवेशन में नये पद प्राप्त करेंगे. प्रधानमंत्री ली केकियांग पिछले 10 वर्षों से सत्ता में हैं.

यहां की गई एक अधिकारिक घोषणा के मुताबिक, मंगलवार को सीपीसी के राजनीतिक ब्यूरो की एक बैठक की अध्यक्षता शी (69) ने की. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी के पदाधिकारियों की भागीदारी वाला इसका एक पूर्ण सत्र नौ अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा. उसमें यह प्रस्ताव रखा जाएगा कि 20वां अधिवेशन बीजिंग में 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा.

चिनफिंग की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक ब्यूरो की बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सीपीसी का 20वां अधिवेशन इस नाजुक घड़ी में काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूरी पार्टी और समूचा राष्ट्र हर तरह से एक आधुनिक समाजवादी देश के निर्माण की दिशा में एक नया सफर शुरू करेगा और दूसरे शताब्दी लक्ष्य की ओर बढ़ेगा.

सीपीसी अपने सभी महत्वपूर्ण अधिवेशन प्रत्येक पांच साल पर आयोजित करती है, जिस दौरान वह सरकार और पार्टी के कार्य की समीक्षा करती है तथा अगले पांच वर्षों के लिए योजनाओं को मंजूरी देती है. पार्टी की मौजूदा परंपरा के तहत, नेतृत्व और शीर्ष पदाधिकारी हर 10 साल पर बदले जाते हैं.

दस साल का कार्यकाल पूरा होने पर सेवानिवृत्त होने वाले अपने पूर्वर्वितयों के उलट शी चिनफिंग (69) को 20वें अधिवेशन में राष्ट्रपति पद पर तीसरे कार्यकाल के लिए मंजूरी मिलने की व्यापक स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है. चिनफिंग इस साल पांच साल का अपना दूसरा कार्यकाल पूरा करने वाले हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu