MP: DGP कैलाश मकवाना के कार्यकाल को तीन महीने बढ़ाने की तैयारी, राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को लिखा पत्र, औपचारिक मंजूरी मांगी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 23 Nov 2026 12:53 PM
MP: DGP कैलाश मकवाना के कार्यकाल को तीन महीने बढ़ाने की तैयारी, राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को लिखा पत्र, औपचारिक मंजूरी मांगी…
ऑडियो सुनें

मध्य प्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मौजूदा DGP कैलाश मकवाना के कार्यकाल को तीन महीने बढ़ाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर औपचारिक मंजूरी मांगी है।


अगर प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है तो कैलाश मकवाना फरवरी 2027 तक इस पद पर बने रह सकते हैं।

मकवाना का संभावित सेवा विस्तार नए DGP की नियुक्ति की प्रक्रिया और दावेदारों के समीकरण को भी प्रभावित कर सकता है। खासतौर पर 1991 बैच के IPS अधिकारी वरुण कपूर की दावेदारी पर इसका असर पड़ने की चर्चा है। इसके अलावा प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, उपेंद्र जैन और पंकज श्रीवास्तव के नाम भी संभावित उम्मीदवारों के तौर पर सामने आ रहे हैं।

वरुण कपूर की दावेदारी पर पड़ सकता है असर

वरुण कपूर मध्य प्रदेश के वरिष्ठ IPS अधिकारियों में शामिल हैं। वे 1991 बैच के अधिकारी हैं और फिलहाल जेल विभाग के महानिदेशक (DG) के पद पर तैनात हैं। उन्हें साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भी अच्छा अनुभव है। वरिष्ठता के लिहाज से भी उनका नाम मजबूत दावेदारों में गिना जाता है।

वरुण कपूर 30 मई 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। DGP की नियुक्ति के लिए संबंधित अधिकारी के पास कम से कम छह महीने की सेवा शेष होना जरूरी है। ऐसे में यदि नए DGP की नियुक्ति की प्रक्रिया दिसंबर या उसके बाद तक खिंचती है तो उनकी पात्रता प्रभावित हो सकती है।

हालांकि, कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार मिलने की स्थिति में नियुक्ति की समय-सीमा और आगे बढ़ सकती है। इससे वरुण कपूर की दावेदारी पर सवाल खड़े हो सकते हैं। फिलहाल इस संबंध में अंतिम फैसला सरकार और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के स्तर पर होना है।

 

प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव भी दौड़ में

नए DGP के संभावित नामों में 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है। वे फिलहाल होमगार्ड विभाग की महानिदेशक हैं। अगर सरकार उनके नाम पर मुहर लगाती है तो वे मध्य प्रदेश की पहली महिला DGP बन सकती हैं।प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के अलावा 1991 बैच के IPS अधिकारी उपेंद्र जैन को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वे आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल 2027 में पूरा होगा। वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर उनकी दावेदारी भी चर्चा में है।

पंकज श्रीवास्तव का नाम भी चर्चा में

इन तीन वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा 1992 बैच के IPS अधिकारी पंकज श्रीवास्तव का नाम भी संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। वे फिलहाल स्पेशल DGP के पद पर तैनात हैं। वरिष्ठता क्रम में वे वरुण कपूर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन के बाद आते हैं।इस तरह नए DGP के चयन को लेकर फिलहाल चार नामों की चर्चा है। हालांकि, अंतिम तस्वीर UPSC की प्रक्रिया पूरी होने और राज्य सरकार के फैसले के बाद ही साफ होगी।

कैसे चुना जाता है किसी राज्य का DGP?

राज्य में पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए एक तय प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसमें UPSC की अहम भूमिका होती है।

  • मौजूदा DGP के सेवानिवृत्त होने से करीब तीन महीने पहले राज्य सरकार पात्र IPS अधिकारियों के नाम UPSC को भेजती है।
  • UPSC की स्क्रीनिंग कमेटी अधिकारियों की वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और अनुभव सहित अन्य निर्धारित मानकों पर विचार करती है।
  • इसके बाद आयोग योग्य अधिकारियों में से तीन नामों का पैनल तैयार करता है।
  • यह पैनल राज्य सरकार को भेजा जाता है। इसके बाद राज्य सरकार पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को DGP नियुक्त करती है।

फिलहाल कैलाश मकवाना के संभावित सेवा विस्तार पर केंद्र की मंजूरी का इंतजार है। इस पर फैसला होने के बाद ही मध्य प्रदेश में नए DGP की नियुक्ति और दावेदारों की स्थिति को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav