ताइवान के सैनिकों ने उनकी चौकी के नजदीक उड़ रहे चीन के ड्रोन पर गोलीबारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Aug 2022 07:42 PM
ताइवान के सैनिकों ने उनकी चौकी के नजदीक उड़ रहे चीन के ड्रोन पर गोलीबारी की
ऑडियो सुनें

ताइपे. ताइवानी सेना ने बुधवार को कहा कि उसने चीनी तट के नजदीक स्थित उसकी चौकियों के ऊपर उड़ रहे चीनी ड्रोन पर चेतावनी स्वरूप गोलीबारी की है. ताइवान का यह कदम स्वशासित द्वीप और चीन के बीच चल रहे तनाव को इंगित करता है. ताइवान का संकल्प है कि वह उकसाने वाले चीन के किसी भी कदम का जवाब देगा.

ताइवानी सेना ने यहां जारी बयान में कहा कि बल ने यह कदम मंगलवार को किनमैन द्वीप समूह के ऊपर ड्रोन को उड़ते हुए देखने के बाद उठाया. इस द्वीपसमूह के जिस डडान द्वीप के ऊपर ड्रोन उड़ रहा था वह चीन के तट से करीब 15 किलोमीटर दूर है. यहां बुधवार को जारी बयान में कहा गया कि मानवरहित यान (ड्रोन) ‘असैन्य इस्तेमाल’ वाला था लेकिन इसमें अन्य विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. बयान के मुताबिक गोलीबारी के बाद ड्रोन नजदीकी चीनी शहर शियामैन लौट गया. यह घटना इस महीने की शुरुआत में चीन द्वारा समुद्र में मिसाइल दागने,लड़ाकू विमान और पोत भेजने के बाद बढ़े तनाव के बाद हुई है.

उल्लेखनीय है कि अगस्त महीने की शुरुआत में अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के निम्न सदन प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की ताइपे यात्रा के बाद से ताइवान पर चीन की ओर से सैन्य दबाव बनाया जा रहा है. चीन, ताइवान को अपना भू-भाग मानता है और उसके हालिया कदम को संभावित हमले की तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है.

चीन के सैन्यभ्यास का तइवान के प्रमुख सहयोगी अमेरिका के साथ आॅस्ट्रेलिया और जापान जैसे देशों ने कड़ी आलोचना की थी. इस महीने के शुरू में चीन द्वारा दागी गई कुछ मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र में भी गिरी थीं. ताइवान का ताइवान जलडमरुमध्य स्थित किनमैन और मात्सु द्वीप समूहों पर नियंत्रण है.

इस बीच, अमेरिकी राज्य एरिजोना के गवर्नर डौग ड्यूसी सेमीकंडक्टर उत्पादन पर चर्चा करने के लिए ताइवान की यात्रा पर हैं.
उनकी कोशिश ताइवानी आपूर्तिकर्ताओं को ताइवान सेमीकंडक्टर मैनुफैक्चंिरग कॉरपोरेशन की 12 अरब डॉलर की नयी इकाई एरिजोना में लगाने के लिए मनाने की है. पिछले सप्ताह इसी उद्देश्य से इंडियाना राज्य के गवर्नर ने भी ताइवान की यात्रा की थी.

ड्यूसी की ताइवान यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन ने बुधवार को दोहराया कि वह अमेरिका और ताइवान के बीच किसी भी आधिकारिक संबंध का विरोध करता है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा, ‘‘हम अमेरिका के भीतर मौजूद संबंधित पक्षकारों से भी आह्वान करते हैं…वे ताइवान के साथ किसी भी तरह का आधिकारिक संपर्क रोके और ताइवान की स्वतंत्रता समर्थक शक्तियों को गलत संदेश भेजने से बचे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ चीन अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए मजबूत कदम उठाएगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu