समन्वय बैठक से पहले आरएसएस प्रमुख भागवत ने संघ पदाधिकारियों के साथ किया विचार-विमर्श

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Sep 2022 08:20 PM
समन्वय बैठक से पहले आरएसएस प्रमुख भागवत ने संघ पदाधिकारियों के साथ किया विचार-विमर्श
ऑडियो सुनें

रायपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय समन्वय बैठक की तैयारी की समीक्षा की. संघ के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि समन्वय बैठक की तैयारियों को देखते हुए इसी तरह की बैठकें नौ सितंबर तक चलती रहेंगी.

उन्होंने बताया कि आरएसएस से संबंधित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक 10 सितंबर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगी जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे.
पदाधिकारी ने बताया कि वार्षिक समन्वय बैठक से पहले संघ के सरसंघचालक भागवत और सरकार्यवाह होसबोले बुधवार से यहां जैनम मानस भवन में संघ पदाधिकारियों के साथ इसकी तैयारियों की समीक्षा की.

उन्होंने बताया कि इस तरह की बैठकें नौ सितंबर तक चलती रहेंगी और उसी दिन आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर तीन दिवसीय समन्वय बैठक के बारे में जानकारी मीडिया को देंगे. पदाधिकारी ने बताया कि इसी तरह 12 सितंबर को समन्वय बैठक समाप्त होने के बाद, आंबेकर समन्वय बैठक में हुई चर्चा के संबंध में जानकारी देंगे. उनके अनुसार बैठक में मीडिया के प्रवेश की अनुमति नहीं है.

छत्तीसगढ़ में पहली बार आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक हो रही है. राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव है. आरएसएस के पदाधिकारियों ने बताया, ‘‘समन्वय बैठक में पर्यावरण, परिवार प्रबोधन तथा सामाजिक समरसता और अन्य विषयों पर चर्चा होगी तथा संगठन की गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी.’’ उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान शिक्षा, वैचारिक क्षेत्र, आर्थिक, सेवा कार्य, सामाजिक तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu