संरा एजेंसी ने यूक्रेन के परमाणु संयंत्र के चारों ओर सुरक्षा क्षेत्र बनाने की मांग की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 07 Sep 2022 12:25 PM
संरा एजेंसी ने यूक्रेन के परमाणु संयंत्र के चारों ओर सुरक्षा क्षेत्र बनाने की मांग की
ऑडियो सुनें

कीव: संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी एजेंसी ने रूस और यूक्रेन से जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के चारों ओर ‘‘परमाणु सुरक्षा तथा सुरक्षा संरक्षा क्षेत्र’’ बनाने की मांग की है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने परमाणु संयंत्र का निरीक्षण करने के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा, ‘‘ हम आग से खेल रहे है और कुछ बेहद विनाशकारी हो सकता है।’’ आईएईए के दल ने अपने दौरे का एक विस्तृत विवरण तैयार किया है जिसमें कहा गया है कि यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आस पास गोलीबारी तत्काल रोकी जानी चाहिए।

रिपोर्ट के अनुसार,‘‘ संयंत्र के चारों ओर ‘परमाणु सुरक्षा तथा सुरक्षा संरक्षा क्षेत्र’ बनाने के लिए सभी पक्षकारों के बीच समझौता होना जरूरी है।’’ संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भी सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि रूस और यूक्रेन की सेना संयंत्र के चारों ओर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने का संकल्प लें।

गुतारेस ने कहा, ‘‘ इसके लिए रूसी बलों को उस स्थान से सभी सैनिकों तथा साजो सामान को हटाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करनी होगी और यूक्रेनी सैनिकों को भी यह सुनिश्चित करना होगा कि वे संयंत्र में नहीं घुसें।’’

रूस के सरकारी मीडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वासिले नेबेंज्या के हवाले से कहा कि रूस को परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आसपास सुरक्षा क्षेत्र बनाने के आईएईए के प्रस्ताव में कोई गंभीरता नहीं नजर आती।

यूक्रेन की सरकार ने इस प्रस्ताव के संबंध में फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि उसने भी संयंत्र के आसपास के स्थान से सैनिकों को हटाने की मांग की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav