चंडीगढ़ विश्वविद्यालय वीडियो मामला : तीन आरोपियों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

चंडीगढ़. चंडीगढ़ विश्वविद्यालय से संबंधित वीडियो मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को एक अदालत ने सोमवार को एक सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को पंजाब के मोहाली में खरड़ की अदालत में पेश किया और दस दिन की हिरासत का अनुरोध किया. छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर शनिवार रात से पंजाब के मोहाली में स्थित विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. आरोप हैं कि एक छात्रावास के शौचालय में छात्राओं के कई आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए गए.
कुछ छात्राओं ने यह भी दावा किया है कि वीडियो लीक किए गए. हालांकि, विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने इन आरोपों को ‘‘फर्जी और निराधार’’ बताते हुए खारिज कर दिया.

पुलिस ने उस छात्रा को गिरफ्तार कर लिया, जिस पर वीडियो बनाने का आरोप था. हालांकि, छात्रा ने कहा कि उसने अपने 23 वर्षीय ‘‘ब्वॉयफ्रेंड’’ के साथ केवल अपना एक वीडियो साझा किया था. आरोपी लड़के को रविवार को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था. इस मामले में रविवार शाम को हिमाचल प्रदेश के 31 वर्षीय एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद दोनों को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पुलिस ने तीनों आरोपियों के फोन फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिए हैं. पंजाब पुलिस ने सोमवार को मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम का गठन किया. इस टीम में सभी महिलाएं हैं. पुलिस ने कहा कि मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 354-सी (ताक झांक करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button