वनवेब के 36 उपग्रह प्रक्षेपण से पहले सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पहुंचाए गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Sep 2022 08:02 PM
वनवेब के 36 उपग्रह प्रक्षेपण से पहले सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पहुंचाए गए
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उपग्रह संचार कंपनी वनवेब ने प्रस्तावित प्रक्षेपण से पहले 36 उपग्रहों के आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पहुंचने की मंगलवार को घोषणा की. वनवेब ने प्रक्षेपण के लिए राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वाणिज्यिक शाखा न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) की सेवा ली है.

कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस प्रक्षेपण के साथ, वनवेब के पृथ्वी की निचली कक्षा (एलईओ) में प्रथम पीढ़ी के उपग्रहों के समूह का 70 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो जाएगा. उसने कहा कि वह दुनिया भर में उच्च गति वाली इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रगति कर रही है.
बयान में कहा गया है, ‘‘यह कंपनी का 14वां प्रक्षेपण होगा और उपग्रहों को इसरो के सबसे भारी रॉकेट जीएसएलवी-मार्क3 के जरिये उनकी कक्षा में भेजा जाएगा.’’ वनवेब ने कहा कि एक अतिरिक्त प्रक्षेपण इस साल होगा, जबकि उपग्रहों के समूह को पूरा करने के लिए अगले साल की शुरूआत में तीन और प्रक्षेपण करने का लक्ष्य है.

बयान में कहा गया है कि कंपनी की सेवाएं अलास्का, कनाडा, ब्रिटेन और आर्कटिक क्षेत्र में पहले से उपलब्ध है. वनवेब में एक बड़ी निवेशक और शेयरधारक भारती एयरटेल कंपनी ने हुगेस कम्युनीकेशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ वितरण साझेदारी करने की इस साल घोषणा की है.

वनवेब के सीईओ नील मास्टरसन ने कहा, ‘‘दुर्गम इलाकों में वनवेब शहरों, गांवों और स्थानीय एवं क्षेत्रीय नगर निकायों को जोड़ कर पूरे भारत में डिजिटल विभाजन को खत्म करने में एक अहम भूमिका निभा रही है.’’ न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने कहा कि जीएसएलवी-एमके3 के जरिये भारत से वनवेब के 36 उपग्रहों का प्रक्षेपण एनएसआईएल और इसरो के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu