तमिलनाडु : चीन से लौटी एक महिला, उसकी बेटी, दो अन्य लोग कोविड-19 से संक्रमित मिले

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 28 Dec 2022 06:05 PM
तमिलनाडु : चीन से लौटी एक महिला, उसकी बेटी, दो अन्य लोग कोविड-19 से संक्रमित मिले
ऑडियो सुनें

चेन्नई. चीन से कोलंबो के रास्ते होकर लौटी एक महिला और उसकी छह साल की बेटी के अलावा दुबई और कंबोडिया से लौटे दो अन्य यात्री तमिलनाडु के मदुरै हवाईअड्डे पर जांच के दौरान कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं. इस तरह तमिलनाडु में विदेश से लौटे चार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने इसकी पुष्टि की है. मंगलवार को विमान से उतरने के बाद मदुरै हवाईअड्डे पर चारों यात्रियों की कोविड-19 की आरटी-पीसीआर जांच की गयी, जिसमें चारों लोग वायरस से संक्रमित पाए गए. महिला का भाई, जो मदुरै हवाई अड्डे से परिवार को विरुधुनगर ले गया था, उसकी भी आरटी-पीसीआर जांच की जाएगी.

एम सुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘ महिला और उसकी बेटी कोरोना वायरस से संक्रमित पाईं गयी हैं जबकि एक अन्य लड़की जांच में निगेटिव पाई गयी. चीन से वे दक्षिण कोरिया और कोलंबो गए थे और मंगलवार को मदुरै हवाईअड्डे पहुंचे थे. ’’ स्वास्थ्य मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यात्रा विवरण के आधार पर उनके नमूने लिए गए.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के मुताबिक, मदुरै के पास विरुधुनगर की रहने वाली महिला और उसकी बेटी को उनके घर पर ही पृथकवास में रखा गया है. उनके नमूने जांच के वास्ते जीनोम अनुक्रमण के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को वायरस के प्रसार की निगरानी और रोकथाम के लिए कहा गया है.

तमिलनाडु में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए. राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 51 पर स्थिर है. तमिलनाडु सरकार ने चीन और अन्य देशों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अचानक आई तेजी के तुरंत बाद राज्य के चार हवाईअड्डों पर पहुंचने वाले सभी यात्रियों की जांच तेज कर दी है.

सुब्रमण्यन ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के निर्देश के अनुसार, चीन, जापान, हांगकांग, ताइवान और दक्षिण कोरिया से आने वालों की अनिवार्य रूप से जांच की जा रही है. ’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही वायरस का जल्द पता लगाने के लिए चेन्नई, मदुरै, तिरुचिरापल्ली और कोयंबटूर हवाईअड्डों पर व्यापक स्तर पर जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav