कोयला घोटाला मामले में पूछताछ के लिए ईडी के सामने पत्नी रुजीरा के साथ पेश होंगे अभिषेक बनर्जी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sun, 20 Mar 2022 12:56 PM
ऑडियो सुनें

कोलकाता.  तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी तथा उनकी पत्नी रुजीरा पश्चिम बंगाल में कोयला घोटाला से संबंधित धनशोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश होने के लिए रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे. एक विश्वस्त सूत्र ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी दोनों को 21 और 22 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी में पूछताछ के लिए ईडी के अधिकारियों के समक्ष पेश होना है.

सूत्र ने कहा, ‘‘ईडी अधिकारियों के सामने कल और परसों पेश होने के लिए अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रविवार दोपहर को दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे. दंपती से कानून के अनुसार पूछताछ की जाएगी.’’ बनर्जी और उनकी पत्नी ने पहले ईडी द्वारा दिल्ली तलब किए जाने के खिलाफ अदालत का रुख किया था. याचिका में कहा गया था कि दोनों पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, इसलिए एजेंसी द्वारा उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में पेश होने के लिए नहीं बुलाया जाए. दिल्ली उच्च न्यायालय ने 11 मार्च को उनकी याचिका खारिज कर दी थी. ईडी के अधिकारियों ने अभिषेक बनर्जी से इसी मामले में पिछले साल सितंबर में आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news