न्यू जर्सी में अक्षय कुमार का कार्यक्रम रद्द

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Feb 2023 04:38 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. अमेरिका के न्यू जर्सी में आयोजित होने वाले अक्षय कुमार के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है. कार्यक्रम के प्रोमोटर ने दावा किया है कि टिकटों की धीमी बिक्री के कारण इसे रद्द करना पड़ा. हालांकि, कार्यक्रम की परिकल्पना करने वाली धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी (डीसीए) ने बताया कि कार्यक्रम रद्द होने की वजह स्थानीय प्रमोटर और आयोजकों के बीच विवाद है.

फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक बयान में इवेंट मैनेजमेंट कंपनी एसएआई यूएसए आईएनसी ने कहा, कि उन्हें कड़ा फैसला करना पड़ा और दर्शकों को निराश करने के लिए उन्हें बहुत ‘खेद’ है. इस फैसले की वजह से दिशा पटानी, नोरा फतेही, सोनम बाजवा, मौनी रॉय, जसलीन रॉयल, अपारशक्ति खुराना और अक्षय कुमार का कार्यक्रम “द एंटरटेनर्स टूर” रद्द हो गया है. यह कार्यक्रम चार मार्च को क्योर इंश्योरेंस एरिना में आयोजित होने वाला था.

कार्यक्रम के प्रोमोटर ने कहा, “हम साफ साफ ये बताना चाहते है कि कार्यक्रम को रद्द करने की मुख्य वजह इसके टिकटों की बेहद धीमी बिक्री है. जिन लोगों ने न्यू जर्सी में होने वाले कार्यक्रम के लिए टिकट खरीदे हैं, उन्हें पैसे वापस कर दिए जाएंगे.” वहीं, डीसीए के उदयसिंह गौरी से संपर्क करने पर सोमवार को उन्होंने बताया, अफवाहों के विपरीत, ‘द एंटरटेनर्स टूर’ सही राह पर है. न्यू जर्सी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थानीय प्रमोटर और आयोजक के बीच विवाद के कारण बंद कर दिया गया है, बाकी अन्य कार्यक्रम तय समय के अनुसार हो रहे हैं. अक्षय कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में अटलांटा, डलास, ऑरलैंडो और ऑकलैंड में होने वाले कार्यक्रमों संबंधी जानकारी साझा की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu