दंगों के दौरान खरगोन एसपी पर गोली चलाने वाले शख्स की पहचान हुई: गृह मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Apr 2022 06:03 PM
दंगों के दौरान खरगोन एसपी पर गोली चलाने वाले शख्स की पहचान हुई: गृह मंत्री

ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि राज्य के खरगोन में 10 अप्रैल को रामनवमी पर हुई सांप्रदायिक झड़पों के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ चौधरी पर गोली चलाने वाले शख्स की पहचान हो गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. चौधरी के पैर में गोली लगी थी और घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी हालत स्थिर है.

मिश्रा ने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा के दौरान पथराव करने वालों की वीडियो फुटेज के जरिए पहचान की जा रही है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘खरगोन एसपी (सिद्धार्थ चौधरी) को गोली मारने वाले शख्स की पहचान वसीम उर्फ मोहसिन के रूप में हुई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’’ उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में अब तक 154 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

गृह मंत्री ने कहा कि हिंसा में कथित संलिप्तता के लिए नवाज और मोहसिन के खिलाफ कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मोहसिन के खिलाफ 10 से अधिक और नवाज के खिलाफ आठ से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे. एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि नवाज खरगोन शहर के तालाब चौक इलाके का रहने वाला है और मोहसिन उर्फ नाटी जकारिया मस्जिद इलाके का रहने वाला है. मध्य प्रदेश के दंगा प्रभावित खरगोन शहर में कर्फ्यू में बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक की ढील दी गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu