उपमुख्यमंत्री के पुत्र के साथ मारपीट मामले में 48 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 25 Apr 2022 04:01 PM
उपमुख्यमंत्री के पुत्र के साथ मारपीट मामले में 48 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

कौशांबी (उप्र). उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पुत्र योगेश मौर्य के साथ सिराथू विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मारपीट तथा लूट के मामले में 48 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, योगेश मौर्य के साथ सिराथू विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान की गई मारपीट तथा लूट के आरोप में 48 लोगों के विरुद्ध रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 23 नामजद तथा 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थानाध्यक्ष पइंसा रमेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान 24 फरवरी 2022 को थाना क्षेत्र के नारा गांव के पास अपने पिता के चुनाव प्रचार के दौरान योगेश मौर्य के साथ कई लोगों ने अभद्रता व मारपीट की थी तथा उनकी सोने की चेन भी लूट ली थी।

योगेश मौर्य की तहरीर पर 23 नामजद व 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रविवार को सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया और मामले की विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि विवेचना के बाद आगे विधिक कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कौशांबी जिले की सिराथू विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार थे और वह समाजवादी पार्टी की पल्लवी पटेल से करीब सात हजार मतों से पराजित हो गये थे।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav