राहुल गांधी ने किया ट्रक का सफर, सुनी ट्रक चालकों के ‘मन की बात’

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 23 May 2023 01:50 PM
राहुल गांधी ने किया ट्रक का सफर, सुनी ट्रक चालकों के ‘मन की बात’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार रात एक ट्रक पर सवार होकर दिल्ली से चंडीगढ़ का सफर किया। पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी ने ट्रक चालकों के ‘मन की बात’ सुनी। कांग्रेस ने अपनी ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘जननायक राहुल गांधी जी ट्रक चालकों की समस्या जानने के लिये उनके बीच पहुंचे। राहुल जी ने उनके साथ दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफर किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की सड़कों पर करीब 90 लाख ट्रक चालक हैं। इनकी अपनी समस्याएं हैं। इनके ‘मन की बात’ सुनने का काम राहुल जी ने किया।’’

पार्टी के कई नेताओं और पदाधिकारियों ने राहुल गांधी के ट्रक में सवार होकर यात्रा करने का वीडियो साझा किया है। कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि धीरे-धीरे यह एहसास हो रहा है कि देश मोहब्बत और अमन के रास्ते पर लौटना चाहता है। उन्होंने राहुल गांधी के ट्रक में सफर करने का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘विश्वविद्यालय के छात्रों से, खिलाड़ियों से, सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं से, किसानों से, डिलीवरी करने वालों से, बस में आम नागरिकों से और अब आधी रात को ट्रक चालकों से आख़रि क्यों मुलाक़ात कर रहे हैं राहुल गांधी?क्योंकि वो इस देश के लोगों की बात सुनना चाहते हैं, उनकी चुनौतियों और परेशानियों को समझना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनको ऐसा करते देख एक विश्वास सा झलकता है – कोई तो है जो लोगों के साथ खड़ा है, कोई तो है, जो उनके बेहतर कल के लिए किसी भी तरह की क़ुर्बानी देने को तैयार है – कोई तो है, जो नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा है और धीरे धीरे यह एहसास हो रहा है कि यह देश लौट जाना चाहता है, मोहब्बत और अमन के रास्ते पर।’’ उन्होंने कहा, ‘‘धीरे से यह देश आख़रि चल ही पड़ा है राहुल गांधी के साथ।’’ कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल चंडीगढ़ से शिमला चले गए, जहां वह अपनी मां सोनिया गांधी के साथ समय बिताएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav