रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ का प्री-टीजर जारी, जोरदार तैयारी के साथ होगी रिलीज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 01:41 PM
रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ का प्री-टीजर जारी, जोरदार तैयारी के साथ होगी रिलीज
ऑडियो सुनें

मुंबई: रणबीर कपूर पिछले काफी समय से अपनी फिल्म एनिमल को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। यह साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है, जिसमें रणबीर का एकदम अलग अवतार देखने को मिलेगा। फिल्म से अभिनेता का पहला लुक सामने आने के बाद से ही प्रशंसकों में इसको लेकर उत्सुकता थी। ऐसे में अब संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म का प्री-टीजर जारी हो गया है, जो एक्शन से भरपूर है।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने रणबीर की एनिमल का प्री-टीजर ट्विटर पर साझा किया है। प्री-टीजर की शुरुआत चेहरे पर मास्क और हाथ में कुल्हाड़ी लिए लोगों के साथ होती है, जिसके बाद पंजाबी गाना बजता है और रणबीर उनकी ओर आते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद बड़े बाल, दाढ़ी, सफेद कुर्ता और लुंगी पहने अभिनेता जबरदस्त एक्शन करते हुए नजर आते हैं, वहीं पंजाबी गाना इसे और भी शानदार बना रहा है।

एनिमल एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जो कबीर सिंह के बाद संदीप के निर्देशन में बनी उनकी दूसरी हिंदी फिल्म होगी। एनिमल को भूषण कुमार और कृष्ण कुमार की टी-सीरीज, मुराद खेतानी की सिने1 स्टूडियो और प्रणय रेड्डी वांगा की भद्रकाली पिक्चर्स के तहत बनाया जा रहा है। इसमें रणबीर के साथ रश्मिका मंदाना नजर आएंगी तो अनिल कपूर, तृप्ती डिमरी और बॉबी देओल भी शामिल हैं। फिल्म 11 अगस्त को हिंदी सहित तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम में रिलीज होगी।

एनिमल की कहानी को लेकर अभी निर्माताओं की ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि फिल्म की कहानी अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। रणबीर ने फिल्म के बारे में कहा था, यह मेरे लिए एक नया क्षेत्र है। यह क्राइम-ड्रामा और बाप-बेटे की कहानी है। यह कुछ ऐसा है, जिसकी दर्शकों ने मुझसे उम्मीद नहीं की होगी। मेरी किरदार ग्रे शेड है।

बॉक्स ऑफिस पर अगस्त के दूसरे हफ्ते में 3 फिल्मों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिलेगी। एक ओर रणबीर की एनिमल रिलीज होगी तो अक्षय कुमार अपनी ओह माय गॉड 2 उसी दिन लेकर आ रहे हैं, जिसका ऐलान हाल ही में हुआ था। इसके अलावा, सनी देओल की गदर 2 भी 11 अगस्त को ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में देखना होगा कि कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल दिखाने में सफल रहती है।

रणबीर एनिमल के बाद अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र के दूसरे और तीसरे भाग में नजर आएंगे। फिल्म का दूसरा भाग दिसंबर 2026 में रिलीज होगा तो तीसरा भाग दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा। दोनों ही फिल्मों में उनके साथ आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, अभिनेता के अभी किसी और फिल्म को साइन नहीं करने की खबरें हैं और कहा जा रहा है कि वह कुछ समय के लिए ब्रेक पर जाएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav