पंचायत चुनाव: उत्तर दिनाजपुर में तीन वाम-कांग्रेस समर्थकों को गोली मारी गई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 03:46 PM
पंचायत चुनाव: उत्तर दिनाजपुर में तीन वाम-कांग्रेस समर्थकों को गोली मारी गई
ऑडियो सुनें

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे तीन व्यक्तियों को कथित तौर पर गोली मार दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दावा किया कि तीनों घायल व्यक्ति वाम मोर्चा और कांग्रेस के समर्थक हैं। तीनों को उस वक्त गोली मारी गई जब वे अपना नामांकन दाखिल करने के लिए चोपड़ा ब्लॉक कार्यालय जा रहे थे।

एक अधिकारी ने कहा कि तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘तीन लोग घायल हुए हैं। उनमें से एक की स्थिति गंभीर है। हम किसी की मौत की पुष्टि नहीं कर सकते हैं।’’ राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) राजीव सिन्हा ने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई सूचना नहीं मिली है।

माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा ब्लॉक में कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों पर अभी-अभी तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने गोली चलाई। वाम-आईएनसी (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) के समर्थक पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने ब्लॉक कार्यालय जा रहे थे।’’ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज किया है। त्रिस्तरीय पंचायत राज प्रणाली में करीब 75,000 सीटों पर चुनाव आठ जुलाई को होगा। नामांकन दाखिल करने का शुक्रवार को आखिरी दिन है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav