केरल में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोपी दिल्ली में पोक्सो के मामले में हुआ था गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Aug 2023 09:39 PM
केरल में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोपी दिल्ली में पोक्सो के मामले में हुआ था गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कोच्चि. केरल में पांच साल की एक बच्ची से दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या करने के आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसे पांच साल पहले दिल्ली में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. केरल पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

अलुवा (देहात) पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया कि अशफाक आलम अपराध के सिलसिले में दिल्ली में एक महीने तक जेल में रहा था और बाद में जमानत पर बाहर आ गया था. पुलिस अधीक्षक ने कहा, ”उसे 2018 में गाजीपुर पुलिस (पूर्वी दिल्ली) ने 10 वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया था.” उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस को पृष्ठभूमि की जांच करते समय उसके आपराधिक रिकॉर्ड का पता चला.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बिहार का मूल निवासी आलम प्रवासी श्रमिक के रूप में केरल पहुंचने से पहले क्या किसी अन्य अपराध में शामिल था. इस बीच यहां एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस द्वारा दाखिल याचिका को स्वीकार करते हुए आरोपी को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

पुलिस ने संबंधित घटनाक्रम में किसी भी माध्यम से नाबालिग पीड़िता का नाम, तस्वीर या फिर अन्य कोई जानकारी प्रसारित करने के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है और ऐसा करने को एक दंडनीय अपराध बताया है. पुलिस के मुताबिक, इससे पहले आरोपी की पहचान के लिए अलुवा उप-जेल में शिनाख्त परेड कराई गई थी. अपराध के तुरंत बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी को रविवार को उप-जेल लाया गया था.

बताया जाता है कि शिनाख्त परेड में कम से कम तीन गवाह शामिल हुए. हालांकि, पुलिस ने ज्यादा जानकारी नहीं दी. अपराध से पहले आलम को बच्ची के साथ बाजार में जाते देखने वाले एक स्थानीय मजदूर ताजुद्दीन ने संवाददाताओं को बताया कि अधिकतम सजा सुनिश्चित करने के लिए वह आरोपी के खिलाफ कहीं भी बयान देने के लिए तैयार है.

उसने इस बात की भी पुष्टि की कि शिनाख्त परेड के दौरान उसने आरोपी को पहचान लिया था. उसने कहा, ”उसे अधिकतम सजा मिलनी चाहिए…मैंने उसे उस दिन देखा था…मैं यह बात कहीं भी कह सकता हूं.” पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हमने पहले ही आरोपी की हिरासत की अर्जी दाखिल कर दी है. पहचान परेड प्रक्रिया के बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे. शेष चीजों पर निर्णय अदालत को लेना है.”

पीड़ित बच्ची उसी इमारत में रहती थी जिसमें आलम रहता था. आरोपी आलम ने पांच वर्षीय बच्ची की 28 जुलाई को कथित तौर पर अपहरण के बाद दुष्कर्म कर हत्या कर दी थी. बच्ची का शव अलुवा इलाके में एक बाजार के पीछे दलदल वाले इलाके में बोरे में मिला था. पुलिस ने कहा था कि आरोपी को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन नशे की हालत में होने के कारण उससे पूछताछ नहीं की जा सकी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu