‘चेक-इन’ में देरी से नाराज महिला ने बैग में बम रखे होने की झूठी सूचना दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Aug 2023 09:59 PM
‘चेक-इन’ में देरी से नाराज महिला ने बैग में बम रखे होने की झूठी सूचना दी
ऑडियो सुनें

कोच्चि. कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ‘चेक-इन’ में वक्त लगने से नाराज एक महिला यात्री ने मंगलवार को बैग में बम रखे होने की झूठी सूचना दी जिसके बाद उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया. हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि इससे मुंबई जाने वाली उड़ान में करीब एक घंटे की देरी हुई जिसमें महिला को सफर करना था.

महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने कहा कि वह अपने परिवार के एक सदस्य के साथ सफर कर रही आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कर रही है. सूत्रों ने बताया कि यह घटना कोच्चि-मुंबई उड़ान के लिए ‘चेक-इन’ प्रक्रिया के दौरान घटी. मुंबई जाने वाले विमान को सुबह करीब छह बजे उड़ान भरनी थी.

उन्होंने बताया कि ‘चेक-इन’ में काफी वक्त लगने से नाराज महिला ने कहा कि उसके बैग में बम है जिससे सामान की जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गयी और इसके कारण विमान के उड़ान भरने में करीब एक घंटे की देरी हुई. महिला को नेदुम्बसेरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है. थाने के एक अधिकारी ने बताया कि वह महिला का बयान दर्ज कर रहे हैं तथा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रहे हैं जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu