अंजू के पति ने अपनी पत्नी और उसके पाकिस्तानी फेसबुक मित्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 07:27 PM
अंजू के पति ने अपनी पत्नी और उसके पाकिस्तानी फेसबुक मित्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान के अलवर जिले से अपने फेसबुक मित्र से मिलने कानूनी तौर पर पाकिस्तान गई अंजू के पति अरविंद ने अपनी पत्नी और उसके फेसबुक मित्र नसरूल्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि अंजू और नसरूल्ला के खिलाफ फूलबाग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 366 (महिला को शादी के लिए प्रेरित करना), 494 (बिना तलाक के दूसरी शादी), 500 (मानहानि), 506 (आपराधिक धमकी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

भिवाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया, “अंजू के पति अरविंद ने अपनी पत्नी और उसके पाकिस्तानी फेसबुक मित्र नसरूल्ला के खिलाफ आईपीसी की धारा 366, 494, 500, 506 और आईटी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई है.” अरविंद ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि अभी तक दोनों का तलाक नहीं हुआ है, इसलिए वह सीमा पार के आदमी से शादी नहीं कर सकती.

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अंजू (34) ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपनाने के बाद अपने फेसबुक मित्र नसरूल्ला से शादी कर ली और अब उसका नाम बदलकर फातिमा हो गया है. अरविंद ने सरकार से अंजू के पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की भी जांच करने का आग्रह किया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसने पाकिस्तान की यात्रा के लिए नकली दस्तावेजों और हस्ताक्षरों का इस्तेमाल तो नहीं किया था.

अंजू (34) का जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर जिले में रहती थी. पाकिस्तानी नागरिक नसरूल्ला (29) से उसकी 2019 में फेसबुक पर दोस्ती हुई थी. नसरूल्ला से मिलने के लिए अंजू वैध वीजा पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ऊपरी दीर जिले के एक गांव पहुंची थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu