‘गदर 2’ और ‘ओएमजी 2’ ने की बंपर कमाई, ‘जेलर’ और ‘भोला शंकर’ ने भी बिखेरे जलवे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Aug 2023 10:01 PM
‘गदर 2’ और ‘ओएमजी 2’ ने की बंपर कमाई, ‘जेलर’ और ‘भोला शंकर’ ने भी बिखेरे जलवे
ऑडियो सुनें

मुंबई/नयी दिल्ली. कोविड-19 महामारी के उपरांत सिनेमाघर खुलने के बाद से 11 से 13 अगस्त “सर्वाधिक व्यस्त सप्ताहांत” रहा. इस दौरान सनी देओल की फिल्म “गदर 2” ने 134.88 करोड़ रुपये, जबकि अक्षय कुमार की “ओएमजी 2” ने 43.11 करोड़ रुपये कमाये. प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (पीजीआई) और मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमएआई) के अनुसार, रजनीकांत की तमिल फिल्म “जेलर” व चिरंजीवी की तेलुगु फिल्म “भोला शंकर” के साथ रिलीज दोनों नई हिंदी फिल्मों को सिनेमाघरों में 2.10 करोड़ से अधिक दर्शक देख चुके हैं.

दोनों संगठनों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह “बीते 10 साल में एक साथ रिलीज हुई फिल्मों को देखने वालों की सबसे अधिक संख्या है.” बयान में कहा गया है कि चारों फिल्में देशभर के सिनेमाघरों में सप्ताहांत में 390 करोड़ रुपये से अधिक कमाई कर चुकी हैं.
साल 2001 में आई सनी देओल की फिल्म “गदर: एक प्रेम कथा” की सीक्वेल “गदर 2” ग्यारह अगस्त को रिलीज हुई और पहले दो दिन में फिल्म ने 83.18 करोड़ रुपये कमाये. रविवार को फिल्म की कमाई में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई.

“गदर 2” के निर्माताओं ने एक प्रेस नोट में कहा, “हर बीतते दिन के साथ, फिल्म का दबदबा बढ़ता जा रहा है. तीसरे दिन फिल्म की कमाई 51.70 करोड़ रुपये रही, जिसके साथ ही कुल कमाई बढ़कर 134.88 करोड़ रुपये हो गई.” पंकज त्रिपाठी और अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म ‘ओएमजी 2″ वर्ष 2012 में आई फिल्म “ओएमजी- ओ माई गॉड!” की सीक्वेल है. यह फिल्म भी 11 अगस्त को ही रिलीज हुई थी. पहले दो दिन में फिल्म ने 25.56 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि रविवार को इसने 17.55 करोड़ रुपये कमाये और इसके साथ ही ”ओएमजी 2” की कुल कमाई बढ़कर 43.11 करोड़ रुपये हो गई. फिल्म “जेलर” और “भोला शंकर” के निर्माताओं ने कमाई के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किये हैं.

गत सप्ताहांत में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों ने की करीब 400 करोड़ रुपये की कमाई
‘गदर-2’, ‘जेलर’, ‘ओएमजी 2’ और ‘भोला शंकर’ जैसी फिल्मों के कारण पिछले सप्ताहांत (11-12 अगस्त को) मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े, जिससे उनकी बॉक्स ऑफिस पर कमायी 390 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गयी. ‘मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ और ‘प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने एक संयुक्त बयान में कहा कि इस सप्ताहांत ने अपने 100 साल के इतिहास में ”बॉक्स ऑफिस पर सर्वाधिक कमायी का रिकॉर्ड” बनाया है.

बयान के अनुसार, ”इस सप्ताहांत देशभर के सिनेमाघरों में 2.10 करोड़ से अधिक दर्शक पहुंचे. यह गत 10 साल के इतिहास में मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों दोनों में सर्वाधिक दर्शक आने का रिकॉर्ड है.” कोविड-19 वैश्विक महामारी के बाद सिनेमा उद्योग फिर से खुलने के बाद 11 से 13 अगस्त सबसे व्यस्त सप्ताहांत में से एक रहा.

पीजीआई अध्यक्ष शिबाशीष सरकार ने कहा, ”थिएटर में आ रहे लोगों की संख्या ने हमारे उद्योग में नयी जान फूंक दी है. हमने काफी लंबे समय से ऐसा नहीं देखा था, यहां तक कि सुबह के ‘शो’ की टिकटें भी बिक चुकी हैं.” एमएआई के अध्यक्ष कमल ज्ञानचंदानी ने कहा कि यह सिनेमाघर उद्योग के लिए ”ऐतिहासिक सप्ताहांत” है और इसने एक बार फिर साबित किया है कि भारतीय दर्शक अच्छी फिल्में देखने के लिए सिनेमाघर जाते हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि 2023 के बाकी के महीनों में भी यह उत्साह बरकरार रहेगा.
एमएआई के भारत में 500 से अधिक मल्टीप्लेक्स और 2,500 से अधिक स्क्रीन हैं जो भारत के मल्टीप्लेक्स उद्योग का करीब 75 फीसदी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu