भारतीय कंपाउंड तीरंदाज विश्व कप फाइनल में, दो पदक पक्के किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 07:50 PM
भारतीय कंपाउंड तीरंदाज विश्व कप फाइनल में, दो पदक पक्के किए
ऑडियो सुनें

पेरिस. भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए बुधवार को यहां विश्व कप चरण चार में पुरुष और महिला टीम स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर दो पदक पक्के किए. हाल में विश्व चैंपियन बने ओजस देवताले ने सेंटर (एक्स) के अधिक करीब निशाना लगाकर भारतीय पुरुष टीम को कोरिया पर जीत दिलाई. सेमीफाइनल मुकाबला 235-235 से बराबर रहने के बाद शूट ऑफ भी 30-30 से बराबर था लेकिन देवताले ने टीम को जीत दिला दी. पुरुष टीम स्वर्ण पदक के मुकाबले में अमेरिका से भिड़ेगी.

र्बिलन में दो हफ्ते से भी कम समय पहले विश्व चैंपियन बनी भारत की महिला कंपाउंड टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सेमीफाइनल में ब्रिटेन को 234-233 से हराया. ज्योति सुरेखा वेनाम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की शीर्ष वरीय भारतीय टीम फाइनल में मैक्सिको के खिलाफ उतरेगी.

पुरुष टीम में देवताले के अलावा प्रथमेश जावकर और अभिषेक वर्मा शामिल हैं. भारतीय तिकड़ी ने चोई योंगही, किम जोंगहो और यैंग जेईवोन की कोरिया की टीम को चौथे दौर के बाद बराबरी हासिल करने का मौका दिया. भारतीय टीम तीसरे दौर के बाद दो अंक से आगे थी. चार दौर के बाद दोनों टीम 235-235 से बराबर थी और शूट ऑफ में भी स्कोर 30-30 से बराबर रहा. अंत में देवताले का अंतिम निशाना निर्णायक साबित हुआ.

महिला सेमीफाइनल में भारतीय टीम पहले दौर के बाद 59-60 से पीछे थी लेकिन दूसरे दौर के बाद बढ़त बनाने में सफल रही. ब्रिटेन ने हालांकि तीसरे दौर के बाद 176-175 की बढ़त बना ली. भारतीय तिकड़ी ने हालांकि अंतिम दौर में संभावित 60 में से 59 अंक जुटाकर फाइनल में जगह सुनिश्चित की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu