वोडा आइडिया ने 1,680 करोड़ रुपये की नीलामी किस्त चुकाने के लिए वक्त मांगा

नयी दिल्ली. कर्ज के भारी बोझ से दबी दूरसंचार सेवा कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआईएल) ने स्पेक्ट्रम नीलामी किस्त के तौर पर 1,680 करोड़ रुपये चुकाने के लिए 30 दिनों की मोहलत मांगी है. वीआईएल के मुख्य वित्तीय अधिकारी मूर्ति जी वी ए एस ने बुधवार को तिमाही नतीजों पर चर्चा के दौरान यह जानकारी दी. कंपनी को यह भुगतान बृहस्पतिवार को ही करना था.

उन्होंने कहा, “हमने दूरसंचार मंत्रालय को भेजे गए पत्र में कहा है कि 2022 की स्पेक्ट्रम नीलामी के तहत 1,680 करोड़ रुपये की नीलामी किस्त के भुगतान के लिए 30 दिनों की मोहलत दी जाए. हम यह राशि ब्याज के साथ चुका देंगे.” इसके पहले कंपनी के एक प्रवर्तक ने कहा था कि वह किसी भी वित्तीय जरूरत को पूरा करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये तक की मदद दे सकता है. वोडाफोन आइडिया को जुलाई, 2022 में संपन्न स्पेक्ट्रम नीलामी के दौरान 5जी स्पेक्ट्रम आवंटित किए गए थे.

हालांकि कंपनी की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध घाटा बढ़कर 7,840 करोड़ रुपये हो गया. लेकिन कंपनी की परिचालन आय 2.3 प्रतिशत बढ़कर 10,655.5 करोड़ रुपये हो गई. तीस जून, 2023 की स्थिति के अनुसार इस दूरसंचार कंपनी पर कुल 2,11,760 करोड़ रुपये का कर्ज है. 250 करोड़ रुपये के नकद और नकद समतुल्य संपत्ति के साथ शुद्ध कर्ज 2,11,510 करोड़ रुपये बैठता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button