प्रणय करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर, सिंधू रैंकिंग में सुधार के साथ 14वें पायदान पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Aug 2023 08:42 PM
प्रणय करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर, सिंधू रैंकिंग में सुधार के साथ 14वें पायदान पर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले एस एस प्रणय ने विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा मंगलवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में करियर का सर्वश्रेष्ठ छठा स्थान हासिल किया. केरल के 31 साल के इस खिलाड़ी ने विश्व चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल तक चले अपने अभियान के दौरान विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और ओलंपिक चैम्पियन विक्टर एक्सेलसेन को हराकर टूर्नामेंट का अपना पहला पदक पक्का किया था.

प्रणय ने 72437 अंक के साथ पुरुष एकल रैंकिंग में तीन स्थान का सुधार किया. वह पिछले साल दिसंबर के बाद से रैंकिंग में शीर्ष 10 में अपना स्थान बरकरार रखने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी है. प्रणय ने इस दौरान मलेशिया मास्टर्स (सुपर 500) का खिताब जीता और ऑस्ट्रेलियाई ओपन में उपविजेता रहे थे. पुरुष एकल में लक्ष्य सेन एक स्थान के नुकसान के साथ 12वें जबकि विश्व चैम्पियनशिप के पहले दौर में बाहर होने वाले किदाम्बी श्रीकांत पहले की तरह 20वें स्थान पर हैं.

महिला एकल में पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू विश्व चैम्पियनशिप के शुरुआती चरण में बाहर होने के बावजूद एक स्थान आगे बढ.कर 14वीं पायदान पर पहुंच गईं. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरूष युगल जोड़ी अपना दूसरे स्थान बरकरार रखने में सफल रही. इस जोड़ी को विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में किम एस्ट्रूप-एंडर्स रासमुसेन ने हराया था. तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी रैंकिंग में दो स्थान आगे बढ.कर 17वें पायदान पर पहुंच गयी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu