बलूचिस्तान में पाकिस्तानी नौसेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त; तीन सैनिकों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Sep 2023 07:48 PM
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी नौसेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त; तीन सैनिकों की मौत
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तानी नौसेना का एक हेलिकॉप्टर सोमवार को देश के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें दो अधिकारियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई. नौसेना के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ अखबार ने अपनी खबर में बताया कि यह दुर्घटना प्रांत के शहर ग्वादर में हेलिकॉप्टर में तकनीकी समस्या आने के कारण हुई जिससे पाकिस्तानी नौसेना के दो अधिकारी और एक नाविक की मौत हो गई.

अखबार की खबर में एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया, ”संभावित तकनीकी खराबी के कारण प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें तीन नौसैनिकों (दो अधिकारी और एक नाविक) की मौत हो गई.” प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना पर दुख जताया और शोक संतप्त लोगों के लिए संवेदनाएं व्यक्त कीं. पिछले साल सितंबर में ही बलूचिस्तान प्रांत में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो मेजर समेत छह पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी. संसाधनों से संपन्न बलूचिस्तान, पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत और दशकों पुराने अलगाववादी आंदोलन का केंद्र भी है. प्रांत में स्थित विभिन्न सशस्त्र समूहों ने यहां काम कर रहे पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और चीनी नागरिकों पर अतीत में हमला किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu