मोटो जीपी अभ्यास के दौरान लाइव प्रसारण में भारत के नक्शे से गायब दिखा जम्मू कश्मीर और लद्दाख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 08:19 PM
मोटो जीपी अभ्यास के दौरान लाइव प्रसारण में भारत के नक्शे से गायब दिखा जम्मू कश्मीर और लद्दाख
ऑडियो सुनें

नोएडा. भारत में आयोजित हो रही सबसे बड़ी मोटरसाइकिल रेस स्पर्धा मोटोजीपी के शुक्रवार को शुरुआती अभ्यास सत्र के दौरान लाइव स्ट्रीम में भारत का विवादित नक्शा प्रसारित किया गया जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया क्योंकि इसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को नहीं दिखाया गया था.

सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा इस मामले को उजागर किए जाने के कुछ ही घंटों के अंदर मोटोजीपी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने आधिकारिक अकाउंट पर गलती के लिए माफी मांग ली. मोटोजीपी ने कहा, ” मोटोजीपी प्रसारण के पहले भाग में दिखाए गए नक्शे के लिए हम भारत में अपने प्रशंसकों से माफी मांगना चाहते हैं. अपने मेजबान देश के लिए समर्थन और सराहना के अलावा कोई भी बयान देना हमारा इरादा नहीं है.” इसमें कहा गया, ”हम आपके साथ ‘इंडियन ऑयल ग्रांप्री ऑफ इंडिया’ का लुत्फ उठाने लिए उत्साहित हैं और हम आपके साथ हैं. हमें पहली नजर में यहां बुद्ध इंटरनेशनल र्सिकट (बीआईसी) पसंद आ रहा है.”

एमएमएससीआई (भारतीय मोटर स्पोर्ट्स क्लबों के महासंघ) अध्यक्ष अकबर इब्राहिम बीआईसी के रेस कंट्रोल रूम में बैठे हुए थे जब यह शर्मनाक चूक हुई. इब्राहिम ने कहा, ”मोटोजीपी टीवी द्वारा भारतीय ग्रां प्री के प्रसारण के दौरान भारत का गलत नक्शा दिखाया गया जो बेहद अफसोसजनक है. हम जानते हैं कि मोटोजीपी इसके लिए सार्वजनिक माफी जारी कर चुका है. ”

इब्राहिम ने कहा, ”एफएमएससीआई अपने मोटोस्पोर्ट्स मान्यता प्राप्त इकाईयों को परामर्श देता है कि उन्हें भारतीय नक्शे और भारतीय तिरंगे को दिखाने में बहुत सतर्कता बरतनी चाहिए और इसे सही से दिखाना चाहिए. ” भारत फार्मूला वन रेस 2013 के बाद पहली बार इस स्तर के मोटो रेस की मेजबानी कर रहा है. शुक्रवार को मोटो 2, मोटो 3 और मोटो जीपी के रेसर अभ्यास करेंगे जबकि क्वालीफाइंग मुकाबले शनिवार को होगें. मुख्य रेस रविवार को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu