‘द ग्रेट इंडियन सोसाइटी’ में विक्की कौशल का जिगरी दोस्त, कभी चलाता था मोबाइल मरम्मत की दुकान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 09:16 PM
‘द ग्रेट इंडियन सोसाइटी’ में विक्की कौशल का जिगरी दोस्त, कभी चलाता था मोबाइल मरम्मत की दुकान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. यशराज फिल्म्स की ‘द ग्रेट इंडियन सोसाइटी’ फिल्म से पदार्पण करने वाले आशुतोष उज्जवल उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से ताल्लुक रखते हैं, ऐसे में वह मजाक-मजाक में कहते हैं कि राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बाद वह इस जिले के अगले प्रसिद्ध व्यक्ति बन सकते हैं.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी तीन बार अमेठी से लोकसभा सदस्य रहे, लेकिन साल 2019 के चुनाव में उन्हें स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जो फिलहाल केंद्रीय मंत्री हैं. उज्जवल ने चुटकी लेते हुए कहा, “मेरा जन्म लखनऊ के निकट अमेठी जिले के सेमरौता गांव में हुआ. अमेठी से राहुल को हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले राहुल गांधी अति विशिष्ट व्यक्ति (वीआईपी) हुआ करते थे और अब स्मृति ईरानी हैं. वहां से ताल्लुक रखने वाला तीसरा वीआईपी शायद मैं बनूंगा, लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता.” आशुतोष (34) के लिए “द ग्रेट इंडियन फैमिली” के साथ फिल्मों में मौका मिलना संघर्षों से भरा नहीं रहा, फिर भी उनके लिए यह यात्रा सपनों की तरह है.

शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म में उन्होंने विक्की कौशल के करीबी दोस्त की भूमिका निभाई है. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “इस फिल्म में अभिनय करना एक सपना था जिसके बारे में मैंने कभी नहीं सोचा था. मेरे पास संघर्ष की कोई कहानी नहीं है… कि मैं फुटपाथ पर सोया या दोस्तों ने यहां मुंबई में मेरे संघर्ष में मेरी मदद की… मेरे साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ क्योंकि मुझे यहां आने से पहले ही नौकरी मिल गई थी.” उज्ज्वल अभिनय की ओर रुख करने से पहले, लगभग पांच वर्ष तक नोएडा में एक प्रमुख मीडिया संस्थान में पत्रकार थे. उन्होंने 2020 में अपना खुद का कुछ करने का फैसला किया.

उज्ज्वल ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने 2014 में अपने गांव में मोबाइल मरम्मत की दुकान खोली, जो नहीं चली. इसके बाद उन्होंने वाराणसी में कुछ छोटे-मोटे काम किए और फिर पत्रकारिता में हाथ आजमाया. उज्जवल ने कहा, “2015 में, एक मीडिया संस्थान ने मुझसे संपर्क किया और कहा कि उन्हें वे राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य पसंद हैं जो मैं फेसबुक पर लिखता था. इस तरह मुझे पत्रकारिता करने का मौका मिला. एक पत्रकार के रूप में काम करते हुए, मैंने थोड़ा-थोड़ा अभिनय भी किया.”

उज्जवल ने कहा, “मैंने पत्रकारिता छोड़ दी क्योंकि मैं अपना खुद का कुछ करना चाहता था. मैंने स्टैंड-अप कॉमेडी करने के बारे में सोचा था, लेकिन वह सपना अधूरा रह गया क्योंकि देश में कोविड ??-19 फैल गया और लॉकडाउन की घोषणा हो गई.” जब उज्ज्वल लॉकडाउन के बाद नोएडा लौटे, तो उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर “द ग्रेट इंडियन फैमिली” के प्रोडक्शन बैनर यशराज फिल्म्स की कास्टिंग टीम की ओर से संदेश आया.

उज्जवल ने बताया, “उन्होंने कहा कि वे चाहते है कि मैं उनकी फिल्म में काम करूं. मैं समझ नहीं पाया कि यह मजाक है या सच. चूंकि संदेश एक सत्यापित खाते से आया था. मैंने अपना विवरण भेजा. मुझे पता चला कि यह एक फिल्म के लिए है. मैंने अपने ऑडिशन वीडियो में जो किया वह शायद उन्हें पसंद आया और मुझे मुंबई बुलाया गया. इस तरह फिल्मों में मेरी यात्रा शुरू हुई.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu