नागल, अंकिता क्वार्टर फाइनल में पहुंचे; रामकुमार, रुतुजा हारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Sep 2023 09:39 PM
नागल, अंकिता क्वार्टर फाइनल में पहुंचे; रामकुमार, रुतुजा हारे
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को दमदार र्सिवस लगाने वाले बीबिट जुकायेव की चुनौती से पार पाने के लिए पसीना बहाना पड़ा जबकि अंकिता रैना ने आसानी से आदित्या पी करुणारत्ने को मात देकर मंगलवार को यहां एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की.

ये दोनों खिलाड़ी अगर क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने में सफल रहे तो उनका पदक पक्का हो जायेगा. टेनिस में सेमीफाइनल हारने वाले खिलाड़ियों को कांस्य पदक मिलता है. पुरुष और महिला एकल के अन्य मैचों में क्रमश: रामकुमार रामनाथन और रुतुजा भोसले को हार का सामना करना पड़ा.

कजाखस्तान के जुकायेव ने अपनी र्सिवस से नागल को परेशान किया लेकिन भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी ने बेहतर नियंत्रण दिखाते हुए तीसरे दौर के मैच में 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की. देश की शीर्ष महिला खिलाड़ी अंकिता ने हांगकांग की आदित्या को एकतरफा मुकाबले में 6-1 6-2 से शिकस्त दी.

नागल ने कोर्ट में अपनी खेल की गति से काफी प्रभावित किया. जुकायेव ने नागल के खिलाफ ड्रॉप शॉट खेलने की रणनीति अपनायी लेकिन नागल ने गेंद तक पहुंच बनाकर विनर्स लगाये. नागल ने दो सेट प्वाइंट हासिल करने के बाद बैकहैंड के इस्तेमाल से जुकायेव से दूर शॉट खेला और कजाखस्तान का खिलाड़ी रिटर्न लगाने में विफल रहा.

दूसरे सेट में नागल ने 4-1 बढ़त बनायी लेकिन जुकायेव ने वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया. 26 साल के खिलाड़ी ने इसके बाद प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया. विश्व रैंकिंग में 198 वें स्थान पर काबिज अंकिता रैंकिंग में 354वें स्थान की खिलाड़ी के खिलाफ एक घंटे 34 मिनट तक चले मुकाबले में अपने तीनों ब्रेक प्वाइंट भुनाने में सफल रही.

अंकिता को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जापान की हारुका काजी (213 वीं रैंकिंग) की चुनौती से पार पाना होगा. रैंकिंग में 336 स्थान पर काबिज रुतुजा को फिलीपींस की अलेक्जेंडर एला (विश्व रैंकिंग 190) ने एक घंटे 51 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6, 6-2 से हराया. पुरुष एकल में रामकुमार विश्व रैंकिंग में 78वें स्थान पर काबिज योसुके वतानुकी की चुनौती से पार पाने में नाकाम रहे.

रामकुमार ने जापान के खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी लेकिन दो घंटे और 40 मिनट तक चले मुकाबले को 5-7, 7-6, 5-7 से हार गये.
रामकुमार और रुतुजा दोनों के युगल मुकाबले में बने हुए हैं. मिश्रित युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त युकी भांबरी और अंकिता रैना की जोड़ी ने पाकिस्तान के अकील खान और साराह खान की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. रुतुजा और करमन कौर थांडी की महिला युगल जोड़ी को हालांकि हार का सामना करना पड़ा. थाईलैंड की अन्चिसा चंता और पुन्निन कोवातितुकतेड की जोड़ी ने एक घंटे 59 मिनट तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 7-5, 6-2 से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu