भारत की स्क्वाश टीम स्पर्धा में जीत से शुरुआत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Sep 2023 10:09 PM
भारत की स्क्वाश टीम स्पर्धा में जीत से शुरुआत
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारत की पुरुष और महिला स्क्वाश टीमों ने मंगलवार को यहां टीम स्पर्धा में आसान जीत के साथ एशियाई खेलों में अपने अभियान का शानदार आगाज किया. अनुभवी जोशना चिनप्पा, 15 साल की अनाहत सिंह, और तन्वी खन्ना की तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय महिला टीम ने पूल बी के अपने शुरुआती मैच में पाकिस्तान को 3-0 से मात दी, जबकि पुरुष टीम ने सिंगापुर और कतर को सामान 3-0 के अंतर से हराया.

महिला वर्ग में एशियाई खेलों में पदार्पण कर रही अनाहत ने शुरुआती मुकाबले की सादिया गुल को 16 मिनट में 11-6, 11-6, 11-3 से शिकस्त दी. एशियाई खेलों के छठे सत्र में खेल रही अनुभवी जोशना को नूर उल हुदा सादिया को 11-2, 11-5, 11-7 से हराने में महज 13 मिनट का समय लगा. तन्वी ने इसके बाद नूर उल इन इजाज को 11-3, 11-6, 11-2 से हराकर भारतीय प्रभुत्व कायम किया.

पूल ए और पूल बी से दो-दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी. पूल बी में भारत और पाकिस्तान के अलावा मलेशिया, चीन और नेपाल की टीमें हैं. पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत ने अपने पहले मैच में सिंगापुर को 3-0 से हराया. चोट से वापसी कर रहे हरिंदर को शुरुआती मैच में सिंगापुर के जेरोम क्लेमेंट ने कड़ी टक्कर दी लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने 39 मिनट तक चले मैच को 11-4, 13-11, 8-11, 11-7 से जीता.

जोशना की तरह ही अपने छठे एशियाई खेलों में भाग ले रहे शीर्ष भारतीय खिलाड़ी सौरव घोषाल ने सैमुअल कंग को 11-9, 11-1, 11-4 से जबकि अभय सिंह ने मार्कस फुआ को सीधे गेमों में 1-7, 11-7, 11-7 से हराया. कतर के खिलाफ महेश मंगांवकर ने अल्तामिमी अहमद पर 11-7, 11-4, 11-1 से जीत के साथ शुरुआत की. इसके बाद घोषाल ने अल्तामिमी अब्दुल्ला को 11-1, 5-11, 11-5, 11-3 से, जबकि अभय सिंह ने अमजद सैयद को 13-11, 8-11, 11-9, 11-2 से हराया.

पूल ए में भारत, सिंगापुर और कतर के अलावा पाकिस्तान, कुवैत और नेपाल की टीमें है. घोषाल की अगुवाई वाली टीम ने पिछले एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था. टीम का लक्ष्य इस बार 2014 की तरह स्वर्ण पदक जीतना है. भारतीय पुरुष टीम बुधवार को पाकिस्तान का सामना करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu