केरल बाढ़ पर बनी ‘2018-एवरीवन इज ए हीरो’ ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 07:40 PM
केरल बाढ़ पर बनी ‘2018-एवरीवन इज ए हीरो’ ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि
ऑडियो सुनें

चेन्नई. केरल में आयी विनाशकारी बाढ़ पर आधारित मलयालम फिल्म ”2018-एवरीवन इज ए हीरो” को एकेडमी अवॉर्ड्स 2024 के लिए भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने बुधवार को यहां इसकी घोषणा की.

प्रख्यात फिल्म निर्माता और चयन समिति के अध्यक्ष गिरीश कसरावल्ली ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 16 सदस्यीय जूरी ने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए सर्वसम्मति से मलयालम फिल्म का चयन किया. कन्नड़ सिनेमा में जाने-माने फिल्म निर्माता कसरावल्ली ने कहा कि उन्होंने 2024 के एकेडमी अवॉर्ड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ”2018…” का चयन करने से पहले लंबी चर्चा की थी.

उन्होंने कहा, ”जूरी वास्तव में फिल्म समुदाय का प्रतिनिधित्व करती है…इसमें पूरे भारत का प्रतिनिधित्व है. और हमें खुशी है कि हम 16 सदस्य थे और हमने एक सप्ताह में 22 फिल्में देखीं. यह मुश्किल फैसला था क्योंकि कई सारी अच्छी फिल्में हैं और हमें यह विश्लेषण करना था कि किस फिल्म की बेहतर संभावनाएं हैं. आखिरकार, हमने ‘2018-एवरीवन इज ए हीरो’ का चयन किया.” कसरावल्ली ने बताया कि यह फिल्म ”भारतीय लोकाचार, स्थिति और लोगों” पर प्रकाश डालती है.

उन्होंने कहा, ”यह ऐसी फिल्म है जो केरल में 2018 में आयी विपत्ति के बारे में बात करती है. यह न केवल भारत बल्कि दुनियाभर में आ रही आपदा का भी प्रतिनिधित्व करती है. यह फिल्म सिनेमाई और तकनीकी रूप से भी उत्कृष्ट है.” फिल्म के मुख्य अभिनेता टोविनो थॉमस ने कहा कि यह टीम के लिए दोहरे जश्न का वक्त है.

वह सेप्टिमियस अवॉर्ड्स के लिए अभी एम्सटर्डम में हैं जहां उन्होंने ‘2018…’ के लिए सर्वश्रेष्ठ एशियाई अभिनेता का पुरस्कार जीता है.
थॉमस ने एम्सटर्डम से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मैं बीती रात बहुत खुश था तथा इस शानदार खबर से और भी खुश हो गया कि हमारी फिल्म ‘2018’ को ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है. हमने मुश्किल हालात में काम किया लेकिन इसका फल मिल रहा है. इस फिल्म को अब अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिल रही है. यह शानदार है.”

एफएफआई के अध्यक्ष रवि कोट्टाराकारा ने कहा कि ‘द केरल स्टोरी’, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’, ‘गदर 2’, ‘ज्विगाटो’, ‘द वैक्सीन वॉर’, ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’, ‘बालागम’ (तेलुगु), ‘वलवी’ (मराठी), ‘बापल्योक’ (मराठी) और ’16 अगस्त, 1947′ (तमिल) समेत 22 फिल्मों पर भी विचार किया गया था लेकिन जूरी ने सर्वसम्मति से जूड एंथनी जोसेफ के निर्देशन वाली ‘2018…’ को चुना.

फिल्म में तन्वी राम, कुंचको बोबन और अपर्णा बालामुरली भी हैं. जून में फिल्म निर्माताओं ने दावा किया था कि इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमायी की है जो मलयालम सिनेमा में सबसे ज्यादा कमायी करने वाली फिल्म बन गयी थी. एफएफआई फिल्म प्रोड्यूसर, प्रदर्शक, स्टूडियो मालिक और वितरकों का एक स्वायत्त निकाय है जो ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि का निर्णय लेता है.

पिछले साल दो भारतीय फिल्मों ”आरआरआर” और ”द एलीफेंट व्हिसपरर्स” ने सर्वश्रेष्ठ ऑरिजिनल गीत और सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र श्रेणी में ऑस्कर पुरस्कार जीता था. इन्हें फिल्म निर्माताओं ने सीधे ऑस्कर के लिए भेजा था जबकि अंतरराष्ट्रीय फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि गुजराती फिल्म ”छेलो शो’ अंतिम पांच नामांकन में भी जगह नहीं बना पायी थी. अंतिम पांच नामांकन में जगह बनाने वाली आखिरी भारतीय फिल्म 2001 में आयी आमिर खान अभिनीत ”लगान” थी. लॉस एंजिलिस में 10 मार्च 2024 को 96वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन किया जाना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu