अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देंगे मुस्लिम मतदाता : राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Nov 2023 10:19 PM
अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देंगे मुस्लिम मतदाता : राय
ऑडियो सुनें

बाराबंकी. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को दावा किया कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में देश के मुस्लिम मतदाता कांग्रेस का साथ देंगे. राय ने बाराबंकी जिले के देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर जियारत करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ”कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही मुसलमानों की हितैषी रही है. यह बात देश के मुसलमान जानते हैं. लोकसभा चुनाव में मुसलमान कांग्रेस का ही साथ देंगे, ऐसा मुझे पूरा विश्वास है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि देश का मुसलमान आगामी लोकसभा चुनाव में पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा रहेगा.

इस सवाल पर कि क्या समाजवादी पार्टी (सपा) ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में शामिल रहेगी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”समाजवादी पार्टी अगर साथ चलना चाहेगी तो उसका स्वागत है.” मध्य प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिये जाने को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर करने वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछले दिनों अपनी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उत्तर प्रदेश की 80 में से 65 लोकसभा सीटों पर सपा के उम्मीदवार उतारने के संकेत दिये थे. हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा था कि वह अपने गठबंधन के साथी दलों को निराश नहीं करेंगे.

अखिलेश आगामी लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों) के बल पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने का दम भर रहे हैं. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब जनता को मुफ्त में राशन देकर कोई एहसान नहीं कर रहे हैं क्योंकि वह जनता का ही राशन उसे दे देते हैं. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे मुफ्त में राशन बांटने की तिथियां आगे बढ़ती चली जा रही हैं मगर जनता सब कुछ जान गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu