कांग्रेस के दलदल में फंसा ‘इंडिया’ गठबंधन : शिवराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 07:44 PM
कांग्रेस के दलदल में फंसा ‘इंडिया’ गठबंधन : शिवराज
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ”दलदल” में बदल गई है और विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ इसमें फंस गया है. चौहान ने इस बारे में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा से ”स्पष्टीकरण” की मांग की. चौहान की यह टिप्पणी मध्यप्रदेश में असफल चुनावी गठबंधन को लेकर कांग्रेस नेता कमलनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच विवाद की पृष्ठभूमि में आई है.

एक दिन पहले यादव ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने पिछले दिनों जाति जनगणना और मंडल आयोग की रिपोर्ट को लागू करने से रोक दिया था. चौहान ने सिंगरौली में संवाददाताओं से कहा, ”मैं प्रियंका जी से पूछना चाहता हूं कि सपा और आम आदमी पार्टी (आप) जो विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं. क्या यह दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती जैसा है.” प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

उन्होंने कहा, विपक्षी गठबंधन के सहयोगी केवल कांग्रेस को कोस रहे हैं और कह रहे हैं कि यह विश्वसनीय पार्टी नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलदल में बदल गई है और ‘इंडिया’ गठबंधन इसमें फंस गया है. चौहान ने कहा कि यादव ने कांग्रेस को एक “चालू पार्टी” करार दिया था जो लोगों को “धोखा” देती है और कहा कि सपा ने उस पर भरोसा करके गलती की है.

वरिष्ठ भाजपा नेता ने सवाल किया, “जब (विपक्षी गुट में) किसी को भी कांग्रेस पर भरोसा नहीं है तो मध्यप्रदेश के लोग उस पार्टी पर कैसे विश्वास कर सकते हैं?” उन्होंने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से उनकी उम्र ‘स्पष्ट’ करने को भी कहा. यादव ने कल टिप्पणी की थी कि 80 साल का व्यक्ति किसी को कैसे पहचानेगा. उन्होंने (कमलनाथ ने) एक कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से कहा था कि वह 72 साल के हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और और वह स्वयं किसानों को ‘सम्मान निधि’ दे रहे हैं और उनकी जमीन की सिंचाई की व्यवस्था की है. किसानों को (फसल) ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर प्रदान किया जाता है.” उन्होंने कहा कि जब आपकी पार्टी (कांग्रेस) के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में थी तो उसने किसानों के लिए क्या किया .

चौहान ने आरोप लगाया कि प्रियंका ने “झूठा बयान” दिया है कि भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश में “केवल 21” नौकरियां प्रदान की हैं. उन्होंने कहा कि यह “झूठ की दुकान” खोलने के समान है. चौहान ने कहा, आपको इतना झूठ नहीं बोलना चाहिए. मैंने केवल मप्र में 50,000 नियुक्ति पत्र बांटे.

रविवार को टीकमगढ़ जिले के जतारा निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए, यादव ने कहा था कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पिछड़े, दलित और आदिवासियों (पीडीए) वर्गों को लुभाने के लिए जाति जनगणना और आरक्षण के बारे में बात करना शुरू कर दिया है. सपा और कांग्रेस विपक्षी दल ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं, लेकिन दोनों दल मप्र में अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu