किसानों को विकल्प देने में पंजाब सरकार की ‘आपराधिक विफलता’ से गैस चेंबर बनी दिल्ली : यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Nov 2023 09:30 PM
किसानों को विकल्प देने में पंजाब सरकार की ‘आपराधिक विफलता’ से गैस चेंबर बनी दिल्ली : यादव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पंजाब में किसानों को विकल्प मुहैया कराने में प्रदेश की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ”आपराधिक विफलता” ने दिल्ली को ”गैस चैंबर” में तब्दील कर दिया है. यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”इस देश ने अभी तक अरविंद केजरीवाल से बड़ा झूठा नहीं देखा है. इस साल खेतों में पराली जलाने की 93 प्रतिशत घटनाएं पंजाब में हुई हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर गैस चैंबर में बदल गया है, क्योंकि आम आदमी पार्टी किसानों को विकल्प प्रदान करने में विफल रही है. यह आम आदमी पार्टी की ओर से (उनके) शासन की आपराधिक विफलता है.”

दिल्ली स्थित ‘डिसीजन सपोर्ट सिस्टम’ के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के वायु प्रदूषण में 37 प्रतिशत हिस्सेदारी पड़ोसी राज्यों, विशेष रूप से पंजाब एवं हरियाणा में पराली जलाने से हुए प्रदूषण की थी. दिल्ली में तीन नवंबर के बाद 6 दिन हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें खेतों की आग से निकलने वाला धुआं, खासकर पंजाब में, राजधानी के वायु प्रदूषण का एक प्रमुख कारक है .

दिल्ली में बृहस्पतिवार को भी हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गयी और निगरानी एजेंसियों का अनुमान है कि अगले पांच से छह दिन तक कोई खास राहत नहीं मिलेगी. दिल्ली में बृहस्पतिवार को पिछले 24 घंटे में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 437 दर्ज किया गया जो बुधवार के 426 से अधिक है. वायु गुणवत्ता सूचकाक हर दिन शाम चार बजे दर्ज किया जाता है .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu