नाना पाटेकर ने शूटिंग के दौरान एक युवक पर हाथ उठाने को लेकर मांगी माफी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Nov 2023 08:52 PM
नाना पाटेकर ने शूटिंग के दौरान एक युवक पर हाथ उठाने को लेकर मांगी माफी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता नाना पाटेकर ने वाराणसी में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक युवक पर हाथ उठाने के मामले में बृहस्पतिवार को माफी मांगी और कहा कि उन्होंने उसे फिल्म से जुड़ा सदस्य समझ लिया था. इस घटना का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. वीडियो में अभिनेता शूटिंग के दौरान सेल्फी लेने आए एक युवक के सिर के पीछे मारते नजर आ रहे हैं. इसके बाद पाटेकर के पास खड़ा एक व्यक्ति उस युवक को गर्दन से पकड़ लेता है और उसे दूर ले जाता है. पाटेकर वाराणसी में फिल्म निर्माता अनिल शर्मा की फिल्म ‘जर्नी’ की शूटिंग कर रहे हैं.

फिल्म ‘वैक्सीन वॉर’ के अभिनेता (72) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में पाटेकर ने माफी मांगी और कहा कि इस 10 सेकंड की ‘क्लिप’ को कई लोगों ने ”गलत समझ” लिया है. उन्होंने कहा, ”वास्तव में जो हुआ वह मेरी आगामी फिल्म ‘जर्नी’ के एक दृश्य के अभ्यास के दौरान हुई गलतफहमी के कारण हुआ.” अपने वीडियो संदेश में पाटेकर ने स्पष्ट किया कि वह एक दृश्य की शूटिंग कर रहे थे जिसमें उन्हें फिल्म से जुड­.े एक सदस्य को मारना था.

अभिनेता ने कहा, ” दृश्य में एक व्यक्ति को मुझसे पूछना था कि क्या मैं अपनी टोपी बेचना चाहता हूं और मुझे उसके सिर के पीछे मारना था और उसे दुर्व्यवहार न करने के लिए कहना था. हम अभ्यास करने को तैयार थे, तभी वीडियो में दिख रहा लड़का वहां आया और मुझे नहीं पता था कि वह कौन है, मुझे लगा कि वह फिल्म से जुड़ा शख्स है. इसलिए मैंने पटकथा के अनुसार उसे मारा और कहा कि गलत व्यवहार न करे.”

उन्होंने कहा, ” तभी मुझे एहसास हुआ कि वह फिल्म से जुड़ा शख्स नहीं है. जब तक मैं उसे वापस बुलाने लगा वह भाग गया.” अभिनेता ने कहा, ” मैंने कभी किसी को तस्वीर लेने से मना नहीं किया. मैंने प्रशंसकों के साथ हजारों तस्वीरें खींचवाई हैं… यह गलती से हो गया, हमको नहीं मालूम वह कहा से आया. अगर कोई गलतफहमी हुई है तो कृपया मुझे माफ कर दीजिए. मैंने कभी किसी पर हाथ नहीं उठाया या कभी ऐसा कुछ नहीं किया. काशी के लोगों ने मुझे बुहत प्यार दिया है… मैं कभी ऐसा कुछ नहीं करूंगा. हमने उस लड़के को बहुत ढूंढा क्योंकि बिना किसी वजह उस पर हाथ उठा दिया, लेकिन हमें वह नहीं मिला.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu